मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का सपना देख रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अगर आपने अब तक नीट यूजी काउंसलिंग 2025 के पहले राउंड की काउंसलिंग के लिए आवेदन नहीं किया है तो आपके पास आवेदन करने का अभी भी मौका है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट यूजी काउंसलिंग 2025 के पहले राउंड का नया शेड्यूल जारी किया है। अब छात्र 31 जुलाई तक राउंड 1 काउंसलिंग के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
NEET UG 2025 परीक्षा में पास हुए छात्र आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। MCC ने पहले राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2025 तक बढ़ा दी गई है। ये काउंसलिंग 15% ऑल इंडिया कोटा और देशभर के केंद्रीय मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग कोर्स में एडमिशन के लिए कराई जा रही है।
नीट यूजी काउंसलिंग 2025 के पहले राउंड में ऑप्शन भरने की आखिरी तारीख अब 31 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। उम्मीदवार 31 जुलाई को शाम 4 बजे से रात 11:55 बजे तक अपने विकल्प लॉक कर सकते हैं। सीट आवंटन की प्रक्रिया 1 और 2 अगस्त को होगी, जबकि रिजल्ट 3 या 4 अगस्त को जारी किया जाएगा। पहले राउंड में चुनी गई सीट पर रिपोर्टिंग 4 अगस्त से 8 अगस्त 2025 के बीच की जा सकेगी। अधिक जानकारी और अपडेट्स के लिए उम्मीदवारों को एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से विजिट करने की सलाह दी जाती है।
कैसे करें नीट यूजी 2025 काउंसलिंग के लिए आवेदन
इन आसान स्टेप की मदद से करें नीट यूजी 2025 काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन
स्टेप 1: सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
स्टेप 2: होमपेज पर "UG Medical Counseling" सेक्शन में जाकर "New Registration" ऑप्शन पर क्लिक करें।
स्टेप 3: अपना NEET UG 2025 रोल नंबर, आवेदन संख्या और अन्य जरूरी डिटेल्स दर्ज करें।
स्टेप 4: रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान करें।
स्टेप 5: निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स के ऑप्शन भरें और उन्हें लॉक करें।
स्टेप 6: भविष्य की जरूरत के लिए इसको डाउनलोड करके प्रिंट आउट निकाल लें।
छात्रों के पास ये जरूरी डाक्युमेंट होना जरूरी
नीट यूजी 2025 काउंसलिंग के दौरान छात्रों को कुछ जरूरी डाक्युमेंट साथ रखने होंगे, जैसे – एडमिट कार्ड, स्कोरकार्ड, 10वीं-12वीं की मार्कशीट और सर्टिफिकेट, जन्म प्रमाण पत्र (अगर 10वीं सर्टिफिकेट में नहीं है), आरक्षण प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो (नीट फॉर्म वाली), वैध आईडी प्रूफ (जैसे आधार), अनंतिम सीट आवंटन पत्र, प्रवास प्रमाण पत्र (अगर जरूरत हो) और मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट। सभी डॉक्युमेंट्स की मूल कॉपी और फोटोकॉपी साथ रखना जरूरी है, ताकि काउंसलिंग में कोई परेशानी न हो।