MP Board 10th-12th Exam 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए मॉडल पेपर जारी कर दिए हैं। मॉडल पेपर में बदले हुए परीक्षा पैटर्न के अनुसार प्रश्न दिए गए हैं, जिससे परीक्षा की सटीक तैयारी करने में छात्रों को मदद मिलेगी। छात्रों को इससे वास्तविक परीक्षा पैटर्न, विभिन्न प्रश्न प्रकारों (जैसे वस्तुनिष्ठ, लघु उत्तरीय, और दीर्घ उत्तरीय) और अंक वितरण योजना (मार्किंग स्कीम) की सटीक जानकारी मिलेगी।
मध्यप्रदेश दसवीं-बारहवीं की परीक्षा से दो माह पहले मंडल ने प्रश्नपत्रों का फॉर्मेट जारी किया है। इसके अनुसार परीक्षा में छोटे उत्तर वाले प्रश्न अधिक पूछे जाएंगे। बता दें, माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा 7 फरवरी से शुरू हो रही है। इसमें प्रदेशभर से करीब 18 लाख छात्र शामिल होंगे।
बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in से ये सैंपल प्रश्नपत्र पीडीएफ फार्मेट में डाउनलोड किए जा सकते हैं। सैंपल पेपर आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए आवश्यक हैं। सैंपल पेपर बोर्ड परीक्षा की तैयारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। ये पेपर आपको यह समझने में मदद करते हैं कि मुख्य परीक्षा में किस तरह के प्रश्न पूछे जाएंगे, परीक्षा का पैटर्न क्या होगा और आपको हर सेक्शन के लिए कितना समय देना चाहिए।
बारहवीं कक्षा में हिंदी के सैंपल पेपर में एक से पांच तक 32 वस्तु निष्ट प्रश्न है। हर प्रश्न एक नंबर का होगा। 6 से 15 तक 10 प्रश्न दो-दो अंकों के होंगे। इसके बाद चार प्रश्न 75 शब्द सीमा के होंगे। आगे के चार 120 शब्द के उत्तर की सीमा के होंगे। 12वीं उच्च गणित में इसमें बदलाव होगा। सभी विषयों के सैंपल पेपर मंडल ने वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। जहां से विद्यार्थी सैंपल पेपर के आधार पर वार्षिक परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं।