NEET PG Exam 2025: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडकल साइंस (NBEMS) ने रविवार (3 अगस्त) को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट पोस्टग्रेजुएट (NEET PG) 2025 परीक्षा का आयोजन किया। MD, MS और PG डिप्लोमा कोर्स में एडमिशन के लिए आयोजित नीट पीजी परीक्षा रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई। देशभर में रविवार को 2,42,000 से ज्यादा अभ्यर्थी नीट-पीजी परीक्षा में शामिल हुए। यह परीक्षा विभिन्न पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए NBEMS द्वारा आयोजित की जाती है।
आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि परीक्षा एक ही पाली में 301 शहरों के 1,052 एग्जाम सेंटर पर आयोजित की गई। अभ्यर्थियों की संख्या के लिहाज से यह भारत की सबसे बड़ी कंप्यूटर-आधारित परीक्षा है जो एक ही पाली में आयोजित की गई। NBEMS ने अनुचित साधनों के प्रयोग की किसी भी संभावना को समाप्त करने के लिए विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और मान्यता प्राप्त अस्पतालों के 2,200 से अधिक फैकल्टी मेंबर्स को नियुक्त किया था।
NBEMS ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों (DGP) को पत्र लिखकर सभी एग्जाम सेंटरों पर पर्याप्त कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया। इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस से भी सहायता मांगी गई। एग्जाम सेंटरों पर किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी को रोकने के लिए NBEMS ने गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से सहायता ली।
अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न एग्जाम सेंटरों विशेषकर संवेदनशील केंद्रों पर किसी भी प्रकार की नकल रोकने के लिए लगभग 300 साइबर कमांडो तैनात किए गए। I4C ने सभी परीक्षा केंद्रों से प्राप्त सीसीटीवी फीड को वास्तविक समय में लगातार देखने के लिए अपने कार्यालय में 200 से अधिक कर्मियों को तैनात किया था। सभी एगजाम सेंटरों पर पर्याप्त संख्या में मोबाइल सिग्नल जैमर लगाए गए थे।