NEET PG Scorecard 2025: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) की पीजी परीक्षा दे चुके छात्र बेसब्री से अपने स्कोर कार्ड जारी होने का इंतजार कर रहे थे। इनके लिए राहत की खबर है कि नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने नीट पीजी 2025 की परीक्षा दे चुके छात्रों का स्कोर कार्ड जारी कर दिया है। छात्र आवेदन संख्या और पासवर्ड की मदद से कर सकते हैं इसे आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
छह महीने तक वेबसाइट पर रहेगा स्कोर कार्ड
स्कोर कार्ड वेबसाइट पर सिर्फ छह महीने मौजूद रहेगा। इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे भविष्य के संदर्भ के लिए इसे डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें। स्कोर कार्ड जारी होने के बाद परीक्षा में सफल छात्रों की एमडी, एमएस, स्नातकोत्तर डिप्लोमा, पोस्ट एमबीबीएस डीएनबी कोर्स में दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। बोर्ड ने नीट पीजी परीक्षा का परिणाम 19 अगस्त को जारी किया था। साथ ही नीट पीजी की मेरिट सूची 27 अगस्त, 2025 को जारी कर दी गई थी।
इन छात्रों का 5 सितंबर को आएगा स्कोर कार्ड
इसके बाद छात्रों को काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार रहेगा। काउंसलिंग शेड्यूल और अन्य जरूरी जानकारी मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) की ओर से जल्द जारी की जा सकती है। स्कोरकार्ड प्रवेश प्रक्रिया के लिए जरूरी है और इसे सुरक्षित रखना चाहिए। इसके अलावा जो छात्र अखिल भारतीय 50% कोटा के तहत प्रवेश पाने के इच्छुक हैं उनके स्कोरकार्ड 5 सितंबर, 2025 से उपलब्ध होंगे। एनबीईएमएस की आधिकारिक सूचना के अनुसार, छात्रों की उत्तर पुस्तिका, उनके दिए जवाब और मूल्यांकन योजना के साथ जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी जाएगी।