UP SI Pandit Controversy: क्या 'पंडित' अवसरवादी होते हैं? यूपी दारोगा भर्ती परीक्षा में विवादित सवाल पर बवाल, योगी सरकार ने दिए जांच के निर्देश

UP SI Pandit controversy: उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा में 'पंडित' से जुड़े पूछे गए एक सवाल ने विवाद खड़ा कर दिया है। इस सवाल में उम्मीदवारों से पूछा गया था- 'अवसर के अनुसार बदल जाने वालों के लिए एक शब्द में उत्तर दें।" इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे- पंडित, अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी...

अपडेटेड Mar 15, 2026 पर 8:37 AM
Story continues below Advertisement
UP SI Pandit controversy: यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक सवाल को लेकर भारी विवाद शुरू हो गया है

UP SI Pandit controversy: उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा के क्वेश्चन पेपर में पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नेता ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। इस बीच, यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार (14 मार्च) देर शाम कहा कि विवादित सवाल के संबंध में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दरअसल, शनिवार को आयोजित परीक्षा में एक सवाल पूछा गया था कि 'अवसर के अनुसार बदल जाने वालों के लिए एक शब्द में उत्तर दें।' इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे- पंडित, अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी...। सवाल के विकल्पों में 'पंडित' शब्द शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई गई है। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए इस संबंध में जांच के निर्देश दिए हैं।

राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्वेश्चन पेपर में दिए गए विकल्पों पर सरकार को गंभीर आपत्ति है। उन्होंने कहा कि इसे संज्ञान में लिया गया है। पाठक ने X पर एक पोस्ट में कहा, "सवाल को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमें कड़ी आपत्ति है। सरकार ने गंभीरता से इस मामले को संज्ञान में लिया है। किसी भी सवाल से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।"


'पंडित' विकल्प को लेकर बवाल

क्वेश्चन पेपर में यह सवाल पूछा गया कि 'अवसर के अनुसार बदल जाने वालों के लिए एक शब्द में उत्तर दें और इसके लिए चार विकल्प दिए गए।" विकल्प में एक-पंडित, दो-अवसरवादी, तीन-निष्कपट और चार-सदाचारी चुनने का मौका दिया गया। इस पर 'पंडित' विकल्प को लेकर सत्ताधारी BJP के भीतर से ही आपत्तियां उठने लगी हैं। शनिवार, 14 मार्च को यह परीक्षा आयोजित की गई।

ब्राह्मण समुदाय से संबंध रखने वाले BJP की उत्तर प्रदेश इकाई के सचिव अभिजात मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर क्वेश्चन पेपर पर आपत्ति जताई है। उन्होंने विवादित पेपर तैयार करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अपने पत्र में मिश्रा ने कहा कि सवाल गलत तरीके से तैयार किया गया। यह असंवेदनशील प्रतीत होता है।

BJP सचिव ने उठाए सवाल

मिश्रा ने कहा, "अवसर के अनुसार रूप बदलने वाले व्यक्ति का सही अर्थ 'अवसरवादी' है। लेकिन विकल्पों में 'पंडित' को शामिल करना एक विशेष समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। 'पंडित' शब्द ज्ञान और धार्मिक सम्मान से जुड़ा है। इसे अवसरवादिता से जोड़ना अनुचित, असंवेदनशील और जानबूझकर किया गया प्रतीत होता है।"

BJP सचिव मिश्रा ने कहा, "यह न केवल परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाता है। बल्कि सरकार की छवि को धूमिल करने, जातीय तनाव पैदा करने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास भी लगता है।"

BJP नेता ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि क्वेश्चन पेपर तैयार करने और पेपर सेट करने वाली समिति के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल विभागीय जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही इस क्वेश्चन पेपर को आधिकारिक रूप से निरस्त करने और भविष्य में सामाजिक संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखने की मांग की।

डिप्टी सीएम ने दिए जांच के आदेश

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने X पर एक पोस्ट में कहा, "उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमें कड़ी आपत्ति है। सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।"

पाठक ने पोस्ट में कहा, "मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।" पाठक ने कहा, "उत्तर प्रदेश सरकार सभी समाजों के सम्मान, समानता और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर काम करती है। प्रदेश के हर नागरिक की गरिमा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार देर शाम कहा कि सवाल के संबंध में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बोर्ड ने कहा, "उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 मार्च को आयोजित की गई SI नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के भर्ती की लिखित परीक्षा की पहली पाली में पूछे गए एक सवाल पर सोशल मीडिया में दृष्टिगत चर्चाओं के परिप्रेक्ष्य में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड यह अवगत कराना चाहता है कि पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा अपने क्वेश्चन पेपर पत्र स्वयं स्थानीय स्तर पर निर्धारित नहीं किए जाते हैं।"

बोर्ड ने इसी पोस्ट में आगे कहा, "बल्कि यह कार्य अति गोपनीय संस्थाओं के द्वारा इस प्रकार कराया जाता है कि परीक्षा से पूर्व प्रश्न पत्रों की गोपनीयता अक्षुण्ण रहे। इस गोपनीयता को बनाए रखने के लिए बोर्ड स्तर पर भी किसी अधिकारी, कर्मचारी द्वारा गोपनीय सामग्री अर्थात प्रश्नपत्रों का अवलोकन नहीं किया जाता है।"

यूपी भर्ती एवं प्रोन्‍नति बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने इस पोस्ट के जरिए कहा कि क्वेश्चन पेपर के सील्ड पैकेटों को परीक्षा केंद्रों पर ही परीक्षा कक्षों में दो अभ्यर्थियों के समक्ष पहली बार खोला जाता है तत्पश्चात् वितरित किया जाता है। इस मामले के संदर्भित सवाल के संबंध में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के उपरांत दोषी पाए गए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढे़ं- Middle East War: 'हम जल्द ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुलवा लेंगे'; ट्रंप ने चीन और UK से की युद्धपोत भेजने की अपील

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।