RBSE 10th Copy Rechecking 2026: रिजल्ट से नाखुश हैं, तो इस तरह दोबारा चेक कर सकते हैं अपनी कॉपी
RBSE 10th Copy Rechecking 2026: राजस्थान बोर्ड ने 10वीं कक्षा का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर आज जारी कर दिया है। रिजल्ट से काफी छात्र खुश और संतुष्ट होंगे, वहीं कुछ ऐसे छात्र भी होंगे जिन्हें अपने नंबरों से तसल्ली नहीं हुई होगी। ऐसे छात्र यहां बताए जा रहे तरीके से अपनी कॉपी रीचेक करा सकते हैं
छात्र रिजल्ट जारी होने के बाद री-एवैल्यूएशन या स्क्रूटनी के लिए आवेदन कर सकता है।
RBSE 10th Copy Rechecking 2026: राजस्थान बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (RBSE) ने आज 10वीं कक्षा का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और आरबीएसई अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 10वीं कक्षा का रिजल्ट 2026 जारी किया। राजस्थान बोर्ड से शैक्षिक सत्र 2025-26 में 10 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी और बेसब्री से रिजल्ट जारी होने का इंतजार कर रहे थे। इस साल मार्च के महीने में रिजल्ट जारी कर राजस्थान बोर्ड ने इतिहास रच दिया है।
छात्र इस समय अपना परिणाम देखने की जल्दबाजी में हैं। रिजल्ट देखने के बाद जहां काफी छात्र राहत की सांस लेंगे और अपने नंबरों की खुशियां मनाएंगे, वहीं कुछ छात्रों को मायूसी भी हो सकती है। मनमुताबिक नंबर नहीं आने से छात्रों को निराशा झेलनी पड़ सकती है। ऐसे छात्रों को हताश होने की जरूरत नहीं है। रिजल्ट देखने के बाद अगर आपको लगता है कि नंबर ठीक नहीं मिले हैं, तो आपके यहां बताए जा रहे विकल्प अपनाकर अपनी तसल्ली कर सकते हैं। आइए जानें इनमें बारे में
री-एवैल्यूएशन के लिए कर सकते हैं आवेदन
अगर किसी छात्र को अपने नंबरों पर संदेह है, तो वह रिजल्ट जारी होने के बाद री-एवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकता है। इसके लिए ऑनलाइन प्रक्रिया उपलब्ध रहती है। राजस्थान बोर्ड की रीचेकिंग (Rechecking) या स्क्रूटनी (Scrutiny) प्रक्रिया के जरिए अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच करवा सकते हैं।
क्या है री-चेकिंग?
री-चेकिंग या स्क्रूटनी का मतलब पूरी कॉपी को दोबारा चेक करना नहीं होता है। इसमें कुल अंकों यानी अंकों के योग की दोबारा जांच की जाती है। साथ ही यह भी देखा जाता है कि कोई उत्तर बिना चेक किए तो नहीं छूट गया है? री-चेकिंग प्रक्रिया में उत्तर पुस्तिका के अंदर और बाहर दिए गए अंकों में कोई अंतर की भी जांच की जाती है।
री-चेकिंग के लिए ये बातें ध्यान रखें
रिजल्ट घोषित होने के 10 से 15 दिनों के भीतर री-चेकिंग के लिए करें आवेदन।
आवेदन केवल ऑनलाइन मोड (आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से) ही किया जा सकता है।
रीचेकिंग फीस सामान्यतः ₹300 प्रति विषय (नियत समय के भीतर) और विलंब शुल्क के साथ ₹600 है।
RBSE 10th Scrutiny 2026: महत्वपूर्ण तारीखें
RBSE 10वीं रिजल्ट की तारीख 24 मार्च, 2026 (दोपहर 1 बजे)
री-चेकिंग फॉर्म शुरू होने की तिथि मार्च 2026 का अंतिम सप्ताह
बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तिथि अप्रैल 2026 का प्रथम सप्ताह
विलंब शुल्क के साथ अंतिम तिथि अप्रैल 2026 का दूसरा सप्ताह
उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी : ₹500 से ₹700 के बीच।
गणित के लिए विशेष शुल्क : यदि आप गणित में किसी विशेष प्रश्न की दोबारा जांच करवाना चाहते हैं, तो प्रति प्रश्न ₹100 अतिरिक्त देने होंगे। फॉर्म भरते समय प्रश्न संख्या और पेज नंबर की जानकारी देनी होगी।
इस तरह करें री-चेकिंग के लिए आवेदन
बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर "Scrutiny 2026" के लिंक पर क्लिक करें।
अपना रोल नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी डालकर रजिस्ट्रेशन करें।
उन विषयों को चुनें जिनकी आप री-चेकिंग करवाना चाहते हैं।
प्रति विषय निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
अंत में फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट आउट ले लें।
जून में आएगा री-चेकिंग का रिजल्ट
आरबीएसई 10वीं स्क्रूटनी का परिणाम जून 2026 में जारी होने की संभावना है। छात्र अपना संशोधित परिणाम rajresults.nic.in पर देख सकेंगे। यदि आपके नंबर बढ़ते हैं, तो बोर्ड द्वारा नई मार्कशीट स्कूल भेज दी जाएगी।