राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (Rashtriya Indian Military Service) देहरादून में जुलाई 2026 के सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। दिल्ली सरकार ने हाल ही में इसकी घोषणा की है। इस संस्थान की प्रवेश प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर फॉर्म भर सकते हैं। यह संस्थान सिर्फ पढ़ाई पर ही फोकस नहीं करता है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सैन्य जीवन के लिए भी तैयार करता है। आरआईएमसी के छात्र आगे चल कर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में दाखिला लेकर अधिकारी बन सकते हैं।
भारतीय सेना, वायुसेना या नौसेना का हिस्सा बनने की इच्छा रखने वाले छात्र आरआईएमसी में दाखिला लेकर अपने सपने को पंख दे सकते हैं। इसमें प्रवेश के लिए आधिकारिक वेबसाइनट rimc.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। इस बार प्रवेश परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। आरआईएमसी देहरादून, में प्रवेश के लिए छात्रों को इस प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लेना होगा, जिसमें सफल छात्र ही यहां पढ़ाई कर सकेंगे। इच्छुक छात्रों के फॉर्म जरूरी दस्तावेजों के साथ 15 अक्टूबर 2025 तक दिल्ली शिक्षा निदेशालय के परीक्षा सेल में जमा करने अनिवार्य होंगे।
आरआईएमसी की स्थापना 1922 में हुई थी और ये भारत के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित सैन्य शैक्षणिक संस्थानों में से एक है। इसे भारतीय सशस्त्र बलों की ‘नर्सरी’ कहा जाता है। यहां शिक्षा का स्तर इतना ऊंचा है कि छात्र सिर्फ शैक्षिक के साथ-साथ खेल, अनुशासन और लीडरशिप में भी निखरते हैं।
आयु सीमा : आरआईएमसी की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने वाले छात्र की उम्र 1 जुलाई 2026 तक कम से कम 11 साल 6 महीने और ज्यादा से ज्यादा 13 साल होनी चाहिए। यहां पढ़ाई के लिए केवल वही छात्र पात्र होंगे, जिनका जन्म 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच हुआ हो।
सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को फीस के तौर पर 600 रुपये जमा करने होंगे। वहीं, एससी/एसटी (जाति प्रमाणपत्र के साथ) 555 रुपये शुल्क के साथ आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। आरआईएमसी द्वारा जारी किए गए होलोग्राम सहित आधिकारिक फॉर्म ही मान्य होंगे। किसी भी तरह की फोटोकॉपी या लोकल प्रिंटेड फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।