RU Exam Paper Leak Answer Key: राजस्थान यूनिवर्सिटी के समाजशास्त्र की परीक्षा में पेपर लीक का दावा, परीक्षा हॉल में पेपर की जगह छात्रों को थमा दी आंसर की

RU Exam Paper Leak Answer Key: राजस्थान यूनिवर्सिटी के साशियोलॉजी की परीक्षा में पेपर लीक का दावा किया जा रहा है। कहा जा रहा है आरयू प्रशासन ने एमए समाजशास्त्र की परीक्षा में पेपर की जगह परीक्षार्थियों को आंसर की बांट दी गई। भारी हंगामे के बीच परीक्षा स्थगित कर 27 जून को कराई जाएगी

अपडेटेड Jun 18, 2026 पर 1:32 PM
17 जून को एमए समाजशास्त्र द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा देने आए थे।

RU Exam Paper Leak Answer Key: नीट यूजी 2026 परीक्षा के पेपर लीक के बाद अब देश के एक प्रमुख विश्वविद्यालय से ऐसी ही मिलती-जुलती खबरों आ रही हैं। यह मामला राजस्थान यूनिवर्सिटी का है, जहां समाजशास्त्र (Sociology) विभाग का परास्नातक (Post Graduate) एमए की परीक्षा को पेपर लीक आरोपों के बाद रद्द करना पड़ा है। आरयू के कला संकाय का सोशियोलॉजी विभाग उस समय सवालों के घेरे में आ गया, जब 17 जून को एमए समाजशास्त्र द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र की जगह सीधे उत्तर कुंजी ही थमा दी गई। परीक्षा हाल में छात्रों की नजर जैसे ही सवालों के साथ दिए गए जवाबों पर पड़ी, वे सभी हैरान रह गए।

जयपुर राजस्थान यूनिवर्सिटी के एमए सोशियोलॉजी दूसरे सेमेस्टर के लिए लगभग 300 छात्रों ने पंजीकरण हैं। 17 जून को छात्र जब परीक्षा केंद्र पहुंचे और निर्धारित समय पर परीक्षा की प्रक्रिया शुरू हुई, तो उनकी हैरानी का ठिकाना नहीं रहा। परीक्षार्थियों को पेपर बांटे जाने थे, लेकिन उनके हाथ में उसी पेपर की आंसर की थमा दी गई। छात्र अभी स्थिति समझ रहे थे और जल्द ही यह साफ हो गया, कि उन्हें उसी पेपर की आंसर की दे दी गई है। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर विरोध शुरू हो गया और छात्रों ने परीक्षा देने से इनकार कर दिया।

यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लगा लापरवाही का आरोप

शिक्षकों ने उत्तर कुंजी वाली शीट तुरंत वापस ले ली, लेकिन तब तक मामला तूल पकड़ चुका था। नाराज विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कामकाज पर सवाल उठाया और विरोध जताया। छात्र नेता लक्ष्यराज लुहारिया का कहना है कि इस तरह की लापरवाही विश्वविद्यालय की साख पर सीधा सवाल खड़ा करती है। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर परीक्षा जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में ऐसी चूक हो सकती है तो विद्यार्थियों का भरोसा कैसे कायम रहेगा।

परीक्षा से पहले कैसे हुई गड़बड़ी?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेपर सेटर की तरफ से प्रश्नपत्र और उसकी उत्तर कुंजी अलग-अलग सीलबंद लिफाफों में भेजी जाती है। लेकिन प्रिंटिंग प्रक्रिया के दौरान उत्तर कुंजी वाला लिफाफा गलती से प्रश्नपत्र समझ लिया गया और उसी की छपाई कर सीलबंद पैकेट परीक्षा केंद्रों पर भेज दिए गए। चूंकि परीक्षा शुरू होने तक सीलबंद लिफाफे नहीं खोले जाते, इसलिए यह बड़ी चूक समय रहते पकड़ में नहीं आ सकी।


अब 27 को होगी रद्द की गई परीक्षा

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा 27 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक राकेश राव ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विश्वविद्यालय की इस चूक ने परीक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

CA Results 2026 May Session: सीए का रिजल्ट जारी होने से पहले क्या लीक हुआ आईसीएआई का डाटा? जानें क्या है सोशल मीडिया पर वायरल दावा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।