UGC NET June 2026 Result: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट जून 2026 के रिजल्ट घोषित कर दिए हैं और 84 विषयों के लिए सब्जेक्ट और श्रेणी के हिसाब से कट-ऑफ मार्क्स जारी कर दिए हैं। जो उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, वे आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर लॉग इन करके अपने रिजल्ट और श्रेणी के हिसाब से कट-ऑफ मार्क्स देख सकते हैं। बता दें, तीन विषयों अंग्रेजी, कॉमर्स ओर सोशियोलॉजी की परीक्षा सितंबर में दोबारा होगी, जिसके बाद इनका रिजल्ट जारी किया जाएगा।
यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा के लिए कुल 7,73,806 कैंडिडेट ने पंजीकरण किया था। इसमें 4,30,195 (55.59%) महिलाएं, 3,43,575 (44.40%) पुरुष और 36 (0.01%) थर्ड-जेंडर कैंडिडेट शामिल थे। यूजीसी नेट जून 2026 की परीक्षा 22, 23, 24, 25, 29, 30 जून और 5 जुलाई को देश भर के 286 शहरों में 655 परीक्षा केंद्रों पर 87 सब्जेक्ट के लिए कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की गई थी। इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी - की परीक्षा 9 और 10 सितंबर को दोबारा होगी।
यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा के 84 विषयों के लिए उम्मीदवारों के प्रश्नपत्र, अस्थायी उत्तर कुंजी और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स 16 अगस्त को जारी किए गए थे। इन पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए उम्मीदवारों को 18 अगस्त तक समय दिया गया था। परीक्षार्थियों द्वारा सबमिट की गई चुनौतियों की विशेषज्ञों ने समीक्षा की, जिसके बाद फाइनल आंसर की को फाइनल किया गया, और परिणाम प्रोसेस किए गए।
84 विषयों में परीक्षा के लिए पंजीकृत 7,73,806 उम्मीदवारों में से 6,07,151 उम्मीदवार शामिल हुए।
असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD में एडमिशन के लिए क्वालिफाई हुए कैंडिडेट : 45,904
सिर्फ PhD के लिए क्वालिफाई हुए कैंडिडेट : 97,434
इन उम्मीदवारों को नहीं दिखेगा स्कोरकार्ड
एनटीए ने कहा कि इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा देने वाले उम्मीदवार अगर यूजीसी नेट जून 2026 का स्कोरकार्ड एक्सेस करने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें "इनवैलिड एप्लीकेशन नंबर/पासवर्ड" मैसेज मिल सकता है। इन उम्मीदवारों का स्कोरकार्ड/रिजल्ट उनकी परीक्षाएं दोबारा होने के बाद ही मिलेगा। यह परीक्षाएं 9 और 10 सितंबर, 2026 को दोबारा आयोजित होंगी।
एजेंसी के आधिकारिक नोटिस में लिखा है, "योग्य उम्मीदवार के पात्रता मानदंड, स्वघोषणा, अलग-अलग दस्तावेज वगैरह को यूजीसी नेट जून 2026 के सूचना बुलेटिन में बताए गए मानकों के हिसाब से संबंधित अधिकारिकयों द्वारा तय प्रक्रिया के हिसाब से वेरिफाई किया जाएगा।"