UP Board 10th Second Topper Aditi: यूपी बोर्ड की इस टॉपर को गणित में मिले हैं 100 में से 100, लड़कियां 10वीं में भी रहीं आगे
UP Board 10th Second Topper Aditi: यूपी बोर्ड की 10वीं कक्षा की टॉपर लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहीं अदिति ने गणित में पूरे 100 नंबर लाकर सबको चौंका दिया। आज घोषित यूपी बोर्ड के रिजल्ट में 10वीं कक्षा में भी छात्राएं छात्रों से आगे रही हैं। छात्राओं का कुल पास प्रतिशत 93.76% रहा, जो लड़कों से अधिक है
MoneyControl News
अपडेटेड Apr 23, 2026 पर 9:06 PM
अदिति ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से हाईस्कूल की परीक्षा में शानदार अंक हासिल किए हैं।
UP Board 10th Second Topper Aditi: यूपी बोर्ड की 10वीं कक्षा में दूसरे स्थान पर रहीं टॉपर अदिती के नंबर लोगों को हैरान कर रहे हैं। मात्र 2 नंबरों से यूपी बोर्ड 10वीं कक्षा में राज्य में टॉपर बनने से चूकीं अदिती ने भी टॉपर अंशिका की तरह वो कमाल किया है, जिसे अक्सर बच्चे डरते हैं। अदिति ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से हाईस्कूल की परीक्षा में शानदार अंक हासिल किए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने आज 10वीं के नतीजों के साथ प्रदेश के मेधावियों की सूची भी जारी की है। इसमें अदिती ने पूरे राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस साल की मेरिट लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहीं अदिति ने भी टॉपर अंशिका वर्मा की तरह गणित में 100 में से 100 अंक हासिल किए हैं। अदिती को 10वीं कक्षा में 600 में से 585 नंबर मिले हैं और वो अकेले दूसरे स्थान पर रही हैं। हालांकि अदिती को अपने नंबरों से थोड़ी निराशा जरूर हुई होगी, क्योंकि वो मात्र 2 अंकों से पूरे प्रदेश में टॉप करने से चूक गई हैं। टॉपर अंशिका और कशिश वर्मा ने 600 में से 587 अंक पाकर पहला स्थान पाया है।
हर विषय में A1 ग्रेड
अदिति की मार्कशीट देखकर कोई भी उनकी प्रतिभा से प्रोत्साहित हुए बिना नहीं रह सकता है। उन्होंने लगभग हर विषय में 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। सबसे ज्यादा नंबर उनके गणित विषय में आए हैं, जो बहुत से छात्रों को मुश्किल लगता है। इस सब्जेक्ट में उन्होंने 100 में से 100 अंक हासिल किए हैं। अदिति ने सभी 6 विषयों में A1 ग्रेड हासिल किया है, जो उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है। विज्ञान में 99 अंक और हिंदी-अंग्रेजी जैसे विषयों में 98 अंक लाना उनकी बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है।
बेटियों का शानदार प्रदर्शन जारी
यूपी बोर्ड 10वीं के परिणामों में लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। इस साल 11,79,319 लड़कियां 93.76% पास प्रतिशत के साथ सफल रहीं, जबकि 11,72,862 लड़के 87.30% के साथ पास हुए। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से 6.46% अधिक रहा।