UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा का समय नजदीक आ रहा है। शैक्षिक वर्ष 2025-26 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 50 लाख से अधिक छात्रों की अंतिम परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित की जाएगी। यूपी बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुचंना बहुत जरूरी होता है। देर से पहुंचने वाले छात्रों की परीक्षा छूट जाती है और कई बार छात्रों का पूरा साल तक बर्बाद हो जाता है। छात्रों के भविष्य को देखते हुए बोर्ड ने कुछ लचीलापन अपनाने का फैसला किया है।
आधा घंटे तक देर से पहुंचने पर दे सकेंगे परीक्षा
बोर्ड परीक्षा शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि किसी पेपर में अधिकतम आधा घंटा तक देर से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा में बैठने की अनुमति दे सकेंगे। इससे ज्वादा देर वालों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
3 घंटे की परीक्षा के अलावा मिलेंगे 15 मिनट
यूपी बोर्ड की परीक्षा में सभी छात्रों को पेपर पढ़ने और समझने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाएगा। बोर्ड ने अनुसार प्रश्नपत्रों की परीक्षा अवधि 3.15 घंटे निर्धारित है, जिसमें से शुरू के 15 मिनट परीक्षार्थियों द्वारा प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए है। दिव्यांग तथा दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए निर्धारित अवधि के अतिरिक्त 20 मिनट प्रति घंटे के हिसाब से अतिरिक्त देय होगा।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों के सत्यापन के लिए इस साल आधार कार्ड भी ले जाना अनिवार्य होगा। बोर्ड ने अभी तक प्रवेश पत्र जारी नहीं किया है। बोर्ड द्वारा जारी प्रवेश पत्र के साथ छात्रों को अपना आधार कार्ड भी परीक्षा केंद्र लेकर जाना होगा। इसके बिना उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बोर्ड परीक्षा में धांधली, नकल, और मुन्ना भाई जैसे लोगों को रोकने के लिए परिषद ने इस बार कई सख्त कदम उठाए हैं। प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड ले जाना भी इनमें से एक है।