Get App

UP Board Exam 2026: परीक्षा के बाद अब कॉपियों की चेकिंग में भी हुए बड़े बदलाव, एक दिन में बस इतनी कॉपियां होंगी चेक, वेबसाइट पर आएगा रिजल्ट

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की परीक्षा अब समाप्त होने के करीब है। इसके साथ ही कॉपियों की चेकिंग को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस साल बोर्ड ने इसमें कई बदलाव किए हैं और एक शिक्षक द्वारा एक दिन में कॉपी चेक करने संख्या सीमित कर दी है। इस साल बोर्ड के नतीजे भी वेबसाइट पर आएंगे

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 07, 2026 पर 11:04 AM
UP Board Exam 2026: परीक्षा के बाद अब कॉपियों की चेकिंग में भी हुए बड़े बदलाव, एक दिन में बस इतनी कॉपियां होंगी चेक, वेबसाइट पर आएगा रिजल्ट
बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच 18 या 19 मार्च से शुरू होगी।

UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) के शैक्षिक सत्र 2025-26 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा अपने अंतिम दौर में है। परीक्षा खत्म होने का समय नजदीक आने के साथ ही बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि कॉपियों के मूल्यांकन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए एक परीक्षक के लिए एक दिन कॉपियां जांचने संख्या सीमित कर दी गई है। इतना ही नहीं इस साल 10वीं-12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जारी किया जाएगा।

ढाई करोड़ से ज्यादा कॉपियों की होगी चेकिंग

बोर्ड ने जिस तरह यूपी बोर्ड परीक्षा में कई नियमों को लागू किया था, उसी तरह अब कॉपियों की जांच में भी नियम बनाए हैं। बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच 18 या 19 मार्च से शुरू होगी। इसके लिए राज्य में 249 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर परीक्षा देने वाले तकरीबन 50 लाख छात्रों की ढाई करोड़ से अधिक कॉपियों की जांच की जाएगी। बोर्ड की जानकारी के अनुसार, इस साल हाईस्कूल के छात्रों की लगभग 1.5 करोड़ उत्तर पुस्तिकाएं चेक होंगी। वहीं, इंटरमीडिएट छात्रों की 1.17 करोड़ कॉपियों की चेकिंग होगी। दोनों कक्षा की कॉपियों की चेकिंग के लिए बोर्ड की ओर से 1.48 लाख परीक्षकों को तैनात किया जा रहा है।

सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में चेक होंगी कॉपियां

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 12 मार्च को खत्म हो रही हैं। परीक्षा की तरह कॉपियों का मूल्यांकन भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में किया जाएगा और चेकिंग के दौरान सेंटर में बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह वर्जित होगा। इस साल, बोर्ड ने पांच जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर ऑनलाइन पोर्टल पर थ्योरी कॉपियों में मिले नंबर अपलोड करने की भी व्यवस्था की है। बोर्ड का मानना है कि इससे मूल्यांकन प्रक्रिया में तेजी आएगी और रिजल्ट कम से कम 15 दिन पहले तैयार हो सकेगा।

बोर्ड ने एक दिन में कॉपी जांचने की संख्या की तय

यूपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों की बोर्ड परीक्षा की कॉपियों की जांच 15 दिनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बोर्ड ने प्रति परीक्षक रोजाना कॉपी चेक करने की संख्या भी तय कर दी है। इसके अनुसार एक परीक्षक एक दिन में हाईस्कूल की 50 तथा इंटरमीडिएट की 45 कॉपियों की जांच कर सकेंगे। पूरे मूल्यांकन अवधि में हाईस्कूल के परीक्षकों को अधिकतम 700 तथा इंटरमीडिएट के परीक्षकों को 600 से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित नहीं की जाएंगी। कला विषय के परीक्षक पूरी अवधि में अधिकतम 800 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर सकेंगे।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें