UP Board Marksheet 2026: इस बार छात्रों को मिलेगी बिलकुल नई तरह की मार्कशीट, 16 तरह के नए सुरक्षा फीचर से होगी लैस

UP Board Marksheet 2026: यूपी बोर्ड से 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा दे चुके छात्रों के लिए बोर्ड ने बिलकुल नए तरह की मार्कशीट देने का फैसला किया है। ये मार्कशीट न तो फटेगी और न गलेगी। इस साल बोर्ड 16 सुरक्षा फीचर से लैस मार्कशीट जारी करेगा। आइए जानें इसके बारे में

अपडेटेड Mar 13, 2026 पर 11:30 PM
10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों की मार्कशीट कम से कम 16 सुरक्षा फीचर से लैस होगी।

UP Board Marksheet 2026: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की फाइनल बोर्ड परीक्षाएं खत्म हो चुकी हैं। इससे छात्रों को जहां राहत मिली है, वहीं अब रिजल्ट का इंतजार और करियर की चिंता ने उन्हें घेर लिया है। फिलहाल उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) बोर्ड परीक्षा की कॉपियों की जांच की व्यवस्था करने में जोर-शोर से जुटा हुआ है। साथ ही, इस छात्रों को एकदम अलग तरह की मार्कशीट देने पर भी विचार किया जा रहा है।

10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को रिजल्ट आने के बाद इस बार जो मार्कशीट दी जाएगी, वो कम से कम 16 सुरक्षा फीचर से लैस होगी। इतना ही नहीं, ये मार्कशीट न तो गलेगी और फटेगी। यूपी बोर्ड ने इस बार परीक्षा की पूरी प्रक्रिया में हर कदम पर फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ बदलाव के कई कड़े उपाय किए हैं। बोर्ड ने इसी तरह नकली या जाली मार्कशीट जारी करने वालों की नकेल कसने के लिए ये उसमें कई नए सुरक्षा फीचर जोड़ने का निर्देश दिया है।

यूपी बोर्ड की मार्कशीट में होंगे ये बदलाव


  • यूपी बोर्ड की मार्कशीट में सिक्योरिटी कोडिंग होगी।
  • होलोग्राम सुरक्षा होगी।
  • मार्कशीट में लगभग 16 सिक्योरिटी फीचर होंगे, जिनमें से कुछ सामान्य आंखों से, कुछ यूवी रेज और कुछ लेंस के जरिए देखे जा सकेंगे।
  • नई मार्कशीट नॉन-टीयरेबल यानी इसे कोई फाड़ नहीं सकेगा।
  • मार्कशीट पूरी से वाटरप्रूफ होगी यानी यह गलेगी नहीं।
  • मार्कशीट पूरी तरह से ओवरराइटिंग प्रूफ होगी।
  • मार्कशीट का साइज A-4 होगा। पहले के मुकाबले थोड़ी लंबी होगी।
  • यह नॉन-डिग्रेडेबल होगी और किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं हो सकेगी।
  • इस पर वाटर मार्क और रेनबो बना होगा, ताकि इसकी विशिष्ट पहचान हो सके।

18 मार्च से कॉपियों का मूल्यांकन डिजिटल रूप में

यूपी बोर्ड अब उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन डिजिटल रूप में करेगा। बोर्ड परीक्षा की कॉपियों को स्कैन करके सर्वर पर अपलोड किया जाएगा, जहां टीचर्स को कॉपी चेक करने के लिए लॉगइन करना होगा। यह कदम अंकों की टोटलिंग करने में मदद करेगा। आंसर छूटने या बिना जांच के रह जाने की संभावना नहीं होगी। परीक्षक द्वारा दिए गए अंक सीधे बोर्ड के डेटाबेस में दर्ज होंगे और सुरक्षित रहेंगे।

249 केंद्रों पर होगा मूल्यांकन

कॉपी जांचने के लिए राज्य में 249 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10वीं-12वीं के 50 लाख से अधिक छात्रों की करीब 3 करोड़ कॉपियां चेक की जाएंगी। कॉपियों की जांच के लिए करीब डेढ़ लाख परीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

अप्रैल के दूसरे या तीसरे हफ्ते में आएगा रिजल्ट!

यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट अप्रैल के दूसरे या तीसरे सप्ताह में जारी हो सकता है। पिछले वर्षों के ट्रेंड बताते हैं कि यूपीएमएसपी कॉपियों के मूल्यांकन का काम पूरा होने 10 से 15 दिन बाद रिजल्ट जारी करता है। 2025 में 19 मार्च से 2 अप्रैल और 2024 में 16 मार्च से 31 मार्च तक कॉपियां चेक हुई थीं। इस साल कॉपी चेकिंग का काम 18 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। इसके 10 से 15 दिन बाद यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी किया जा सकता है।

UP Board Exam 2026 Evaluation: परीक्षा हुई खत्म अब शुरू होगी कॉपियों की चेकिंग, आंसर शीट में छुपाए हैं नोट तो होंगे गंभीर परिणाम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।