UP Board Result 2026: 12वीं के जिन छात्रों की छूटी थी प्रैक्टिकल परीक्षा उन्हें 9 और 10 अप्रैल को मिलेगा अपना साल बचाने का एक और मौका

UP Board Result 2026: 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने वाले कुछ छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षा इस साल छूट गई थी। ऐसे छात्रों पर साल बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे छात्रों को यूपी बोर्ड राहत देने जा रहा है। ये छात्र 9 और 10 अप्रैल को प्रैक्टिकल परीक्षा में दे कर अपना साल बर्बाद होने से बचा सकते हैं

अपडेटेड Apr 06, 2026 पर 11:28 AM
Story continues below Advertisement
छात्रों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 अप्रैल और 10 अप्रैल, 2026 को आयोजित की जाएंगी।

UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड से 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा दे चुके छात्रों की परीक्षा खत्म हो चुकी है। ये सभी छात्र अब अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच 12वीं कक्षा के उन छात्रों के लिए बोर्ड ने एक बड़ा और अहम अपडेट जारी किया है, जिन पर साल बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा था। ऐसे छात्रों को बोर्ड ने एक और मौका देने का फैसला किया है, जो 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षाओं में अनुपस्थित रहे थे, या उनकी परीक्षा किसी कारण से छूट गई थी।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक परिषद (UPMSP), बोर्ड ने नया नोटिस जारी किया है, जिसमें इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) की प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर अहम जानकारी दी है। जो छात्र प्रैक्टिकल परीक्षा देने से छूट गए थे, बोर्ड ने उन्हें अपना साल बचाने का आखिरी मौका देने का फैसला किया है। ऐसे छात्रों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 अप्रैल और 10 अप्रैल, 2026 को आयोजित की जाएंगी। यूपी बोर्ड का यह नया नोटिस जारी होने के बाद साफ हो गया है कि अभी छात्रों को रिजल्ट के लिए और इंतजार करना होगा।

इस छात्रों की होगी प्रैक्टिकल परीक्षा

यूपी बोर्ड ने 12वीं कक्षा के छात्रों प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए डेट शीट 2026 जारी कर दी है। जो छात्र UP बोर्ड 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षा 2026 में शामिल नहीं हो पाए थे या अनुपस्थित थे, उन्हें परीक्षा देने का एक आखिरी मौका दिया जा रहा है। ऐसे छात्र 9 अप्रैल और 10 अप्रैल, 2026 को होने वाले प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।


जिला मुख्यालयों पर होगी प्रैक्टिकल परीक्षा

इन छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं जिला मुख्यालयों पर, बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा नियुक्त परीक्षकों की देखरेख में आयोजित की जाएंगी। अगर किसी विशेष स्कूल के सभी छात्र प्रैक्टिकल परीक्षा से चूक गए हैं, तो उनकी परीक्षाएं उनके अपने ही स्कूल में आयोजित की जाएंगी। हालांकि, जो छात्र आंशिक रूप से या व्यक्तिगत तौर पर परीक्षा से चूके हैं, उन्हें जिला मुख्यालयों पर स्थित केंद्रों पर उपस्थित होना होगा। इसके बाद प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए कोई और मौका नहीं मिलेगा।

पूरा हुआ मूल्यांकन का काम अब रिजल्ट का इंतजार

यूपी बोर्ड की 10वीं-12वीं कक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन का काम 4 अप्रैल तक पूरा कर लिया गया है। दोनों कक्षाओं के करीब 50 लाख परीक्षार्थियों की 3 करोड़ से अधिक कॉपियां जांचने के लिए 249 मूल्यांकन केंद्र राज्य में बनाए गए थे। डेढ़ लाख से अधिक टीचर्स ने कॉपी चेक कीं। इसके बाद 5 अप्रैल तक चेक हुई कॉपियों के लिफाफे रीजनल ऑफिस तक पहुंचा दिए गए हैं।

6-7 अप्रैल तक पोर्टल पर अपलोड होने हैं 34,637 स्टूडेंट्स के नंबर

इससे पहले मिली जानकारी के अनुसार, 652 स्कूलों के लगभग 34,637 परीक्षार्थियों के प्रैक्टिकल के मार्क्स अभी तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड नहीं हुए हैं। बोर्ड ने इंटर प्रैक्टिकल परीक्षा के बचे हुए प्राप्तांकों को अपलोड करने के लिए 6 और 7 अप्रैल 2026 का समय दिया है।

Best Commerce Career Options after 12th:कॉर्पोरेट सेक्टर में धाक जमाने में काम आएंगे ये प्रोफेश्नल कोर्स, साथ में रही है मैथ्स तो करियर छू सकता है आसमान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।