UPSSSC ANM Result 2026: उत्तर प्रदेश में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पद पर भर्ती के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए यह बड़ा अपडेट है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 11 जनवरी 2026 को स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) यानी ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफ (ANM) की मुख्य परीक्षा आयोजित की थी। आयोग ने यूपीएसएसएससी एएनएम भर्ती 2024 मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में 10,272 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। यह उम्मीदवार अब डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन (DV) राउंड के लिए आगे बढ़ेंगे।
यूपीएसएसएससी एएनएम भर्ती 2024 मुख्य परीक्षा रिजल्ट के साथ आयोग ने अलग-अलग श्रेणियों के लिए कटऑफ भी जारी कर दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस सूची में नाम आने का मतलब अभी अंतिम चयन नहीं है। उम्मीदवारों का अंतिम चयन दस्तावेज सत्यापन राउंड पूरा होने के बाद किया जाएगा। यूपीएसएसएससी की इस भर्ती के जरिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के कुल 5,272 पद भरे जाने हैं।
इनमें 4,892 पद सामान्य चयन और 380 पद विशेष चयन के हैं। यूपीएसएसएससी एएनएम भर्ती 2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया 2024 में हुई थी और आवेदन करने की अंतिम तारीख 27 नवंबर 2024 थी। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया के तहत एएनएम मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन 11 जनवरी 2026 को किया गया था।
अगले चरण में उम्मीदवारों के जरूरी दस्तावेजों की होगी जांच
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब पात्रता और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में शामिल होना होगा। आयोग अब उम्मीदवारों के शैक्षणिक और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच करेगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के पद पर अंतिम चयन पात्रता और अभिलेख परीक्षण पूरा होने के बाद किया जाएगा।
यूपीएसएसएससी ने एएनएम मुख्य परीक्षा के लिए श्रेणीवार कटऑफ भी जारी की है। अनारक्षित यानी सामान्य वर्ग की कटऑफ 61.75 अंक रही है। वहीं अनुसूचित जाति यानी SC वर्ग के लिए कटऑफ 56.75 अंक तय हुई है। अनुसूचित जनजाति यानी ST वर्ग की कटऑफ 31.75 अंक, अन्य पिछड़ा वर्ग यानी OBC की 55.25 अंक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS की कटऑफ 55.00 अंक रही है। इस तरह सामान्य वर्ग की कटऑफ सबसे ज्यादा रही, जबकि ST वर्ग की कटऑफ सबसे कम रही है।
यूपीएसएसएससी एएनएम भर्ती 2024 रिजल्ट ऐसे चेक करें
अपना रिजल्ट देखने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाना होगा। वेबसाइट के होमपेज पर उन्हें परिणाम सेक्शन दिखाई देगा। इस पर क्लिक करने के बाद स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) मुख्य परीक्षा 2024 विज्ञापन संख्या 11-परीक्षा/2024 के रिजल्ट लिंक पर जाना होगा। इसके बाद मांगी गई जरूरी जानकारी दर्ज करके सबमिट करना होगा। जानकारी सबमिट होते ही स्क्रीन पर अभ्यर्थी का रिजल्ट दिखाई देगा। उम्मीदवार इसमें अपनी योग्यता स्थिति और प्राप्त अंक चेक कर सकते हैं।