Viksit Bharat Buildathon 2025: स्कूली छात्रों में नवाचार, तार्किक सोच और उद्यमिता की भावना विकसित करने के मकसद से सरकार ने विकसित भारत बिल्डाथॉन प्रतियोगिता की घोषणा की है। यह पहल शिक्षा मंत्रालय, अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग और एआईसीटीई के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इस के तहत कक्षा 6 से 12 तक के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता में आवेदन करने की आखिरी तारीख बढ़ा दी गई है। इच्छुक छात्र अब 11 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर रखी गई थी। इच्छुक छात्र आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट vbb.mic.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करें।
विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 भारत का सबसे बड़ा छात्र इनोवेशन मिशन है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 23 सितंबर 2025 को स्कूली छात्रों के बीच नवाचार, रचनात्मकता और समस्या-समाधान को बढ़ावा देने के लिए विकसित भारत बिल्डथॉन 2025 का शुभारंभ किया था। इस अभियान का उद्देश्य कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को एक मंच देना है, जहां वे मिलकर वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान खोजें और विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करें। इसमें देशभर के तकरीबन 1 करोड़ से अधिक विद्यार्थी और 1.5 लाख से ज्यादा स्कूल शामिल हो रहे हैं।
इस प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र 5-7 सदस्यों की टीम बनाकर भाग ले सकते हैं। एक स्कूल से कई टीमें हिस्सा ले सकती हैं, हर टीम के लिए एक शिक्षक मेंटर जरूरी है। छात्रों को तीन विषयों पर प्रोटोटाइप विकसित करने होंगे।