WB Madhyamik Result 2026: पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (WBBSE) से 10वीं कक्षा की परीक्षा देने वाले छात्रों ने आज रिजल्ट जारी होने के बाद राहत की सांस ली है। डब्लूबीबीएसई ने आधिकारिक वेबसाइट पर माध्यमिक रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस साल माध्यमिक यानी 10वीं कक्षा में 86.83% छात्र सफल हुए हैं। छात्र अपने रोल नंबर और जन्मतिथि की मदद से आधिकारिक वेबसाइट result.wbbsedata.com , wbresults.nic.in, wbbse.wb.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
वहीं, इस साल का रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले और बेहतर रहा है। कुल 131 छात्रों ने टॉप 10 मेरिट रैंक में जगह बनाई है। इनमें से 100 लड़के हैं। कुल उम्मीदवारों में से 1.46% से ज्यादा छात्रों ने 90-100% अंक हासिल किए हैं। खास बात यह है कि बोर्ड ने किसी भी छात्र का रिजल्ट नहीं रोका है। पश्चिम बंगाल माध्यमिक रिजल्ट 2026 में अभिरूप भद्रा ने 99.71% अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है।दूसरे स्थान पर प्रियतोष मुखर्जी रहे, जिन्होंने 99.43% अंक हासिल किए। वहीं, तीसरे स्थान पर सौर्य जाना, अंकन कुमार जाना और मैनाक मंडल रहे, जिनके 99.29% अंक आए हैं। चौथे स्थान पर अरिजीत कर ने 99.14% अंक हासिल किए हैं।
माध्यमिक रिजल्ट पर एक नजर
कुल पंजीकृत उम्मीदवार : 9,71,625
कुल उपस्थित उम्मीदवार : 9,59,753
कम्पार्टमेंट उम्मीदवार : 1,231
कलिम्पोंग जिले का रिजल्ट रहा सबसे अच्छा
पश्चिम बंगाल माध्यमिक रिजल्ट 2026 में कलिम्पोंग जिले ने 95.1% के साथ सबसे ज्यादा पासिंग प्रतिशत दर्ज किया है। इसके बाद 94.82% के साथ मेदिनीपुर जिले का स्थान रहा। कोलकाता ने 92.31% पास पर्सेंटेज दर्ज किया है, जबकि पश्चिम मेदिनीपुर ने 91.4% पास प्रतिशत हासिल किया है।
2-12 फरवरी के बीच हुई परीक्षा में 9.71 छात्र हुए शामिल
इस साल डब्लूबीबीएसई की 10वीं कक्षा की परीक्षा 2 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई थी। इस बार माध्यमिक परीक्षा में कुल 9,71,340 छात्रों ने हिस्सा लिया था। इनमें 4,26,733 लड़के और 5,44,606 लड़कियां शामिल थीं। इसके अलावा एक ट्रांसजेंडर छात्र ने भी परीक्षा दी थी। बोर्ड के अनुसार, परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े जाने पर 19 छात्रों को परीक्षा से बाहर कर दिया गया था।
पास होने के लिए जरूरी होंगे 33% अंक
माध्यमिक परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को कम से कम 33% अंक लाने जरूरी हैं। अगर कोई छात्र अपने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह रिजल्ट स्क्रूटनी यानी कॉपियों की दोबारा जांच के लिए आवेदन कर सकता है।