Assam Assembly Election 2026: असम के सीनियर सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद उनके बेटे प्रतीक ने घोषणा की है कि वह आगामी विधानसभा चुनावों में मार्गेरिटा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष और केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे एक पत्र में प्रतीक ने कहा कि वह पार्टी के सदस्य बने रहेंगे। पत्रकारों के साथ गुरुवार (19 मार्च) को शेयर किए गए इस पत्र में प्रतीक ने कहा कि उनके पिता के दूसरी पार्टी में शामिल होने के फैसले के बाद उनके लिए मार्गेरिटा से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में बने रहना उचित नहीं होगा।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "पार्टी के प्रति अत्यंत सम्मान और गहरी जिम्मेदारी की भावना के साथ मैं मार्गेरिटा विधानसभा क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के अपने निर्णय से अवगत कराना चाहता हूं।" प्रतीक ने जोर देकर कहा कि वह पार्टी के लिए उस क्षमता से काम जारी रखेंगे जिसे नेतृत्व उचित समझेगा। उनके पिता पांच दशकों से अधिक समय तक कांग्रेस में रहे। लेकिन मंगलवार को वह कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अगले दिन वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए।
प्रद्युत बोरदोलोई को बीजेपी से मिला टिकट
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट गुरुवार को जारी कर दी। इसमें जलुकबारी सीट से मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का नाम भी शामिल है। जबकि पार्टी ने कांग्रेस के पूर्व नेता प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। बोरदोलोई बुधवार को शर्मा और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो चुके हैं। लिस्ट के अनुसार, हाल ही में कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने वाले भूपेन कुमार बोरा बिहपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
बिरसिंह-जरूआ सीट से माधवी दास, चमरिया से ज्योत्सना कलिता और मंगलदाई से नीलिमा देवी को चुनावी मैदान में उतारा गया है। BJP की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार शाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उम्मीदवारों की पहली लिस्ट को अंतिम रूप दिया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और BJP चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
प्रद्युत बोरदोलोई को लेकर सीएम क्या बोले?
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी स्वाभिमानी व्यक्ति विपक्षी दल में नहीं रहेगा। वह राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए असम के सभी अच्छे नेताओं को BJP में लाना चाहते हैं। CM की ये टिप्पणी कांग्रेस के लोकसभा सदस्य प्रद्युत बोरदोलोई के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद आई है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि BJP उसके नेताओं को इसलिए शामिल कर रही है क्योंकि पार्टी में अच्छे नेता नहीं हैं। इस आरोप के बारे में पूछे जाने पर असम के मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, "कांग्रेस चाहे जो भी कहे। लेकिन हमारा लक्ष्य कांग्रेस के सभी अच्छे नेताओं को BJP में लाना है।"
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "हमें BJP और असम दोनों का भविष्य उज्ज्वल करना है। इसीलिए मैं धीरे-धीरे उन सभी कांग्रेस नेताओं को BJP में लाना चाहता हूं जो पार्टी के लिए संपत्ति हैं, बोझ नहीं।" उन्होंने कहा, "हमने यह पहल 2016 में शुरू की थी और इसमें हमें 99 प्रतिशत सफलता मिली है।" उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और आज जिस तरह की विचारधारा का वह पालन कर रही है, उसे देखते हुए कोई भी स्वाभिमानी व्यक्ति कांग्रेस के साथ नहीं रह सकता।