Assam assembly elections 2026: कांग्रेस ने गुरुवार (19 मार्च) को असम विधानसभा के आगामी चुनावों के लिए अपने 22 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी। इसके साथ ही मुख्य विपक्षी पार्टी अब तक कुल 87 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। राज्य विधानसभा की सभी 126 सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा। जबकि मतगणना चार मई को होगी।
तीसरी लिस्ट के अनुसार, कोकराझार सीट से मानिक ब्रह्मा, बाओखुंगरी से सपाली मलिक, परबतझोरा से अशरफुल इस्लाम शेख, धुबरी से बेबी बेगम, जलेश्वर से आफताब उद्दीन मोल्ला, अभयपुरी से प्रदीप सरकार, सिदली चिराग से मतिलाल नारजरी, चेंगा से अब्दुर रहीम अहमद, पाकाबेतबारी से जाकिर हुसैन सिकदर और बक्सा से जगदीश मदही को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
इसके अलावा कांग्रेस ने तमूलपुर से रफी दैमरी, उदलगुरी से सोरेन दैमरी, लहरीघाट से आसिफ मोहम्मद नजर, नगांव-बटाद्रबा से दुर्लभ चामुआ, नादवार से सुनील छेत्री, रोंगनादी से जॉयंत खाउंड, लखीमपुर से घाना बुरागोहेन, धकुआखाना से आनंद नाराह, माकुल से शिवनाथ चेतिया और खुमताई से रोसेलिना तिर्की को टिकट मिला। वहीं, संजीव टेरोन और ज़ुबैर अनाम मजूमदार क्रमशः होवरघाट और अल्गापुर-कटलीचेरा से चुनाव लड़ेंगे।
इसी के साथ अब तक, कांग्रेस ने असम चुनावों के लिए 87 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। इससे पहले पार्टी ने 3 मार्च को 42 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की थी। इसमें कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई को जोरहाट विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया था। इसके अतिरिक्त, राज्यसभा के पूर्व सांसद रिपुन बोरा बरछल्ला से और मीरा बोरठाकुर गोस्वामी दिसपुर से चुनाव लड़ेंगी।
इसके अलावा फिर कांग्रेस ने 15 मार्च को अपनी दूसरी लिस्ट जारी की थी, जिसमें 23 उम्मीदवार शामिल थे। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट गुरुवार को जारी कर दी। इसमें जलुकबारी सीट से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का नाम भी शामिल है।
कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार
इस बीच, असम के सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद उनके बेटे प्रतीक ने घोषणा की है कि वह आगामी चुनावों में मार्गेरिटा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष और केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे एक पत्र में प्रतीक ने कहा कि वह पार्टी के सदस्य बने रहेंगे।
कांग्रेस ने इस महीने की शुरुआत में जारी की गई अपनी पहली लिस्ट में प्रतीक को मार्गेरिटा सीट से अपना उम्मीदवार नामित किया था। इस सीट का उनके पिता ने विधानसभा में चार बार प्रतिनिधित्व किया था। पत्रकारों के साथ गुरुवार को शेयर किए गए इस पत्र में प्रतीक ने कहा कि उनके पिता के दूसरी पार्टी में शामिल होने के फैसले के बाद उनके लिए मार्गेरिटा से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में बने रहना उचित नहीं होगा।
प्रतीक ने जोर देकर कहा कि वह पार्टी के लिए उस क्षमता से काम जारी रखेंगे जिसे नेतृत्व उचित समझेगा। उन्होंने कहा कि उनका निर्णय पूरी तरह से संगठन के प्रति सम्मान और कांग्रेस पार्टी के मूल्यों एवं अनुशासन को बनाए रखने की इच्छा से प्रेरित है।
बहुत कम उम्र से ही पार्टी के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके आदर्शों ने उनकी राजनीतिक सोच को आकार दिया है। उन्होंने वर्षों से उन पर दिखाए गए विश्वास तथा प्रोत्साहन के लिए नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके पिता पांच दशकों से अधिक समय तक कांग्रेस में रहे और मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अगले दिन वह BJP में शामिल हो गए।