PM Modi in Assam: 'कांग्रेस ने वही गीत गाया जो पाकिस्तान ने लिखा था'; ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर PM मोदी ने किया कड़ा प्रहार

Assam Elections News: 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले असम के बारपेटा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान उसने पाकिस्तान की बातों को ही दोहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने एक अहम समय पर भारतीय सेना का मनोबल गिराया

अपडेटेड Apr 06, 2026 पर 2:54 PM
Story continues below Advertisement
Assam Elections 2026: असम में चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस खुलेआम घुसपैठियों का समर्थन कर रही है

Assam Elections 2026: असम के बारपेटा में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए संकीर्ण दृष्टिकोण अपना रही है। जबकि बीजेपी की योजना दीर्घकालिक विकास की है। इस दौरान 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र कर PM मोदी ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर भारतीय फौज से विश्वासघात करने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान कांग्रेस ने वही गीत गाया, जो पाकिस्तान ने लिखा था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। लेकिन कांग्रेस पड़ोसी देश के ‘सुर में सुर’ मिलाती रहती है। विकास के मोर्चे पर उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा इस मामले में संकीर्ण सोच अपनाई है। जबकि BJP देश का दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने के लिए काम करती है।

पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस ने हमेशा अल्पकालिक उपाय अपनाए ताकि वे भ्रष्टाचार में लिप्त रह सकें। लेकिन भाजपा समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए निर्णय लेते समय दूरदर्शी सोच रखती है।" चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाती रही है।


उन्होंने कहा, "पाकिस्तान से यह संबंध देश की सुरक्षा से समझौता है, लेकिन हम कभी इसकी अनुमति नहीं दे सकते।" उन्होंने कांग्रेस पर 'वन रैंक, वन पेंशन' योजना लागू न करके सेना की उपेक्षा करने का आरोप भी लगाया। PM मोदी ने रैली में कहा कि BJP ने यह सुनिश्चित किया कि देश की रक्षा करने वालों को न्याय मिले।

प्रधानमंत्री ने कहा, ठराज्य में शांति और स्थिरता ने BJP शासन में विकास को गति दी है... इसे जारी रखने के लिए कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखना आवश्यक है।" महिला मतदाताओं को लुभाते हुए PM मोदी ने कहा कि संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के आम चुनावों से लागू किया जाएगा।

PM मोदी ने कहा कि असम की महिलाओं को सभी दलों से इस उद्देश्य से तैयार किए गए विधेयक को पारित कराने का आग्रह करना चाहिए। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सिर्फ एक दो राज्यों में कांग्रेस की सरकारे बची है। वहां कांग्रेस कभी जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर नहीं जाती। जबकि बीजेपी सरकार, साफ नीयत से जनता को बताती है कि हमने जनता की सेवा के लिए क्या किया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस वो पार्टी है जो कभी दूरगामी सोच के साथ विकास के काम नहीं करती है। कांग्रेस लघु अवधि में काम करती है ताकि उसमें भ्रष्टाचार कर सके वही BJP एक लंबे विजन के साथ काम करने वाली पार्टी है। हम विकसित असम से विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर चल रहे हैं और इसलिए हमने बीते 10 साल में पूरी मेहनत से काम किया।"

ये भी पढ़ें- असम चुनाव 2026: 'कांग्रेस ने पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप का इस्तेमाल कर मेरी पत्नी पर आरोप लगाए'; CM हिमंता का बड़ा दावा

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 10 साल असम में शांति और सद्भाव की स्थापना के थे आने वाले साल असम की समृद्धि को विस्तार देंगे। बता दें कि असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतगणना चार मई को होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।