Bihar Election 2025 : बिहार की राजनीति इन दिनों लगातार गरमा रही है। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दल एक्टिव हो गए हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फैसलों और घोषणाओं के जरिए जनता को खुश करने में लगे हैं, वहीं राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव कार्यकर्ताओं से मिल रहे है, और हौसला बढ़ा रहे हैं। इसी बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) भी पूरी तरह एक्टिव हो गए हैं।
शनिवार को पटना के हज भवन में आयोजित बिहार बदलाव कांफ्रेंस में PK ने मुस्लिम बुद्धिजीवियों से संवाद किया है। इस कार्यक्रम में बिहार भर से करीब 3,000 से अधिक मुस्लिम बुद्धिजीवी लोग शामिल हुए।
प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा को हराना कठिन नहीं है। “देश में अभी भी करीब 50% हिंदू भाजपा के साथ नहीं हैं। यह वे लोग हैं जो गांधी, बाबा साहेब आंबेडकर, लोहिया, समाजवाद और कम्युनिस्ट विचारधारा को मानते हैं। अगर यह लोग और मुस्लिम समाज साथ आ जाएं तो भाजपा को आसानी से हराया जा सकता है।”
इसके साथ ही उन्होंने राजद पर भी सीधा हमला बोला, और कहा कि मुस्लिम समाज अब तक लालटेन का तेल बनकर जलता रहा है, लेकिन अब लालटेन की रोशनी बुझने वाली है। PK ने दावा किया कि अगर मुस्लिम समाज जन सुराज पार्टी के साथ आता है तो अगले दो साल में बिहार देश की राजनीति की दिशा बिहार की ओर कर देंगे।
उन्होंने आगे कहा कि “हम आपकी चिंता को 2027 में ही निपटा देंगे, 2029 तक नहीं जाने देंगे। बिहार के बाद आपकी लड़ाई यूपी में लड़ी जाएगी। पश्चिम बंगाल में मुस्लिम समाज ने मेरी बात मानी और वहां UCC-NRC सब खत्म हो गया।”
प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि 2014 में उन्होंने नरेंद्र मोदी को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन बाद में जब उन्होंने बिहार में काम शुरू किया तो एक साल के भीतर ही भाजपा को 55 सीटों पर समेट दिया। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि इस नए बदलाव में वे भी पूरे दिल से सहयोग करें। आगे उन्होंने कहा, "जैसे आप कहते हैं कि देश की आजादी में हमने खून-पसीना बहाया है, वैसे ही इतिहास में दर्ज होना चाहिए कि बिहार को बदलने की इस नई लड़ाई में मुस्लिम समाज ने भी अपना खून-पसीना बहाया था।”
राजनीतिक पंडितों का मानना हैं कि PK की यह सक्रियता आने वाले चुनावों से पहले बिहार के राजनीतिक माहौल में नई हलचल पैदा करेगी।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।