बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे 14 नवंबर को सामने आने वाले हैं। नतीजों से पहले देशभर के सट्टा बाजारों में हवा पूरी तरह से NDA के पक्ष में है। अनुमान है कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA की सरकार बनने जा रही है। बिहार विधानसभा के सदस्यों की संख्या 243 है। बहुमत के लिए 122 सीट चाहिए। दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सट्टा बाजारों के अनुमानों के अनुसार NDA को 135-145 सीटें मिल सकती हैं। महागठबंधन को 88-100 सीटों मिल सकती हैं।
वैसे तो सट्टेबाजी भारत में अवैध है, लेकिन फिर भी चुनावीएनालिस्ट इसे चुनावी हवा का एक “अनौपचारिक बैरोमीटर” मानते हैं। सट्टा बाजार के भाव ग्राउंड रिपोर्ट, उम्मीदवारों की छवि और सोशल मीडिया ट्रेंड जैसे पहलुओं पर बेस्ड होते हैं।
क्या कहता है मुंबई सट्टा बाजार
मुंबई सट्टा बाजार के ताजा अनुमानों के अनुसार, NDA बिहार में 147 से 150 सीटें हासिल कर सकती है। यानि कि मुंबई सट्टा बाजार NDA को स्पष्ट बढ़त दे रहा है। भाजपा को 70–72 और जेडीयू को 62–64 सीटें मिल सकती हैं। महागठबंधन (RJD, कांग्रेस और वाम दल) को 86-89 सीटें मिलने की उम्मीद है। महागठबंधन के लिए मुंबई का भाव 1:1 है।
कुछ अन्य प्रमुख सट्टा बाजारों का अनुमान
रिपोर्ट के मुताबिक, फलोदी सट्टा बाजार (राजस्थान) में NDA की झोली में 140-145 सीटें जाने का अनुमान है। BJP के पास 68-71 सीटें और JDU के पास 58-61 सीटें आ सकती हैं। महागठबंधन को 88-91 सीटें मिल सकती हैं, जिसमें से RJD को 67-71 सीटें और कांग्रेस को 13-15 सीटें मिलने की उम्मीद है। दिल्ली के सट्टा बाजार के अनुमान हैं कि बिहार में NDA के पास 142-145 सीटें आ सकती हैं, जबकि महागठबंधन को 88-91 सीटें मिल सकती हैं। BJP 69-71 सीटें, JDU 59-61 सीटें और RJD 67-69 सीटें हासिल कर सकती है। भोपाल (मध्य प्रदेश) का सट्टा बाजार NDA के पास 140-145 सीटें और महागठबंधन के पास 90-95 सीटें जाने की उम्मीद में है।