बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासत चरम पर है। शुक्रवार (31 अक्टूबर) को BJP सांसद मनोज तिवारी ने पटना में बड़ा बयान देते हुए 'महागठबंधन' और पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव शहाबुद्दीन ज़िंदाबाद वाले है, वे कभी विकास जिंदाबाद बोले है? वे अपराधियों का जिंदाबाद बोल रहे हैं, गरीब मुसलमानों का जिंदाबाद कर लिए होते।"
NDA मेनिफेस्टो को बताया मजबूत
मनोज तिवारी ने कहा कि NDA ने जो वादे किए हैं, वे जमीनी हैं और सरकार बनने पर पूरे किए जाएंगे। उन्होंने 'महागठबंधन' पर हमला करते हुए कहा, "जो लोग बिहार के विकास के लिए कभी प्लानिंग ही नहीं की, उन्हें तो मेनिफेस्टो मजाक ही लगेगा।"
BJP सांसद ने बताया कि NDA ने पिछले 10 वर्षों में बिहार में बड़ा विकास किया है, 7000+ किमी सड़क और हाईवे, बड़े-बड़े नदी पुल, मरीन ड्राइव जैसा रोड नेटवर्क, महिलाओं को ₹10,000 की आर्थिक सहायता सहित तमाम तरह के सुविधा देने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 5 वर्षों में NDA बिहार में 1 करोड़ नौकरियां और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा।
हर जिले में होगा मेगा स्किल सेंटर
मनोज तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हर जिले में मेगा स्किल सेंटर बनेगा, औद्योगिक पार्क तैयार होंगे, फैक्ट्री लगेंगी। राज्य की बेहतरी के लिए कई और महत्वपूर्ण बिंदु है जिसके बारे में मेनिफेस्टो में बताया गया है।" इसके साथ ही उन्होंने कहा NDA जो कहती है वो करती है।
तेजस्वी पर तीखा हमला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बयान को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा था कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए जमीन नहीं है। इस पर भी मनोज तिवारी ने पलटवार किया और कहा, "तेजस्वी यादव को विकास समझ में नहीं आता। जो लोग अपराधी नेताओं का जिंदाबाद बोलते हों, वे विकास पर क्या काम करेंगे।"
अगले 5 साल में बिहार को GDP में नंबर-1 लाने का लक्ष्य
BJP सांसद ने कहा कि बिहार को आगे ले जाना है तो मजबूत नेतृत्व ही चाहिए। "हमने जो कहा, वह किया। अब अगले 5 साल में बिहार को GDP में नंबर-1 लाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।" उन्होंने दावा किया कि NDA का मेनिफेस्टो विकास पर केंद्रित है, और बिहार को एक नए पटरी पर लाने का रोडमैप है।
मनोज तिवारी का यह बयान चुनावी माहौल को और गर्म कर गया है। एक तरफ NDA अपनी उपलब्धियों और बड़े रोजगार वादों का दावा कर रहा है, वहीं 'महागठबंधन' इसे झूठ और हवाबाज़ी बता रहा है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।