Bihar News : बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि राज्य सरकार ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत कर्मियों के मानदेय में दोगुनी वृद्धि का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि वर्ष 2005 में जब उनकी सरकार बनी थी, उस समय शिक्षा का कुल बजट ₹4366 करोड़ था, जो अब बढ़कर ₹77690 करोड़ हो गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति, नए विद्यालय भवनों का निर्माण और आधारभूत संरचना के विकास से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है।
बिहार सरकार का बड़ा ऐलान
बिहार सरकार ने यह भी माना है कि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने में मध्याह्न भोजन की रसोइयों, रात्रि प्रहरियों और शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की अहम भूमिका रही है। इन्हीं कर्मियों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से उनके मानदेय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है।
साथ ही, इन कर्मियों की वार्षिक वेतन वृद्धि को भी ₹200 से बढ़ाकर ₹400 किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से इन कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक उत्साह, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।