Get App

Bihar Chunav 2025: "वोट चोरी का 'हाइड्रोजन बम' आने वाला है"; अब क्या करने वाले हैं राहुल गांधी? 'वोटर अधिकार यात्रा' के समापन पर बड़ा ऐलान

Voter Adhikar Yatra in Bihar: 'वोटर अधिकार यात्रा' के समापन के मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि कथित 'वोट चोरी' का "हाइड्रोजन बम" आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि "वोट चोरी" का मतलब अधिकार, आरक्षण, रोज़गार, शिक्षा और युवाओं के भविष्य की चोरी है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Sep 01, 2025 पर 5:08 PM
Bihar Chunav 2025: "वोट चोरी का 'हाइड्रोजन बम' आने वाला है"; अब क्या करने वाले हैं राहुल गांधी? 'वोटर अधिकार यात्रा' के समापन पर बड़ा ऐलान
Bihar Elections 2025: राहुल गांधी ने कहा कि आपने 'वोट चोरी' का 'एटम बम' देख लिया। अब 'हाइड्रोजन बम' आने वाला है

Bihar Elections 2025: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कथित 'वोट चोरी' से जुड़े अपने खुलासे का हवाला देते हुए सोमवार (1 सितंबर) को कहा कि 'एटम बम' के बाद अब 'हाइड्रोजन बम' आने वाला है। उन्होंने 'वोटर अधिकार यात्रा' के समापन के मौके पर यह दावा भी किया कि वोट चोरी का "हाइड्रोजन बम" आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि "वोट चोरी" का मतलब अधिकार, आरक्षण, रोज़गार, शिक्षा और युवाओं के भविष्य की चोरी है।

राहुल गांधी ने दावा किया कि वोट चोरी के बाद लोगों के राशन कार्ड और जमीन छीन ली जाएगी। उन्होंने कहा, "हम इन्हें संविधान की हत्या नहीं करने देंगे।" कांग्रेस नेता ने यह दावा फिर किया कि पिछले साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव चोरी किया गया था उन्होंने कहा, "BJP के लोगों, तैयार हो जाओ, हाइड्रोजन बम आ रहा है। आपकी वोट की चोरी पूरे देश को पता लगने जा रही है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा पर उन्होंने आगे कहा, "चीन और अमेरिका में भी लोग बोल रहे हैं, वोट चोर गद्दी छोड़।" लोकसभा नेता प्रतिपक्ष गांधी ने कहा, "'वोट चोर गद्दी छोड़', ये नारा सब जगह चल रहा है। चीन तक पहुंच चुका है।"

इससे पहले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, RJD नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के कई अन्य नेताओं ने गांधी मैदान से डाक बंगला चौराहे तक एक खुले वाहन में सवार होकर मार्च निकाला।

राहुल गांधी ने यह भी कहा, "महाराष्ट्र में NCP, कांग्रेस और शिवसेना से चुनाव को चोरी किया गया था। तकरीबन 1 करोड़ नए वोटर को लोकसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची में जोड़े जाते हैं। हमारे गठबंधन को जितने मत लोकसभा चुनाव में मिले उतने ही विधानसभा में मिले लेकिन सारे के सारे नए मत बीजेपी के खाते में गए... क्यों? क्योंकि चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर वोट चोरी की।"

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, "ये (राहुल गांधी) अपनी यात्रा में मोहब्बत की दुकान लेकर चले थे। इन्होंने अपनी मोहब्बत की दुकान में कितनी नफरत परोसी है, वह सभी जानते हैं... इस देश को समझना चाहिए कि राहुल गांधी गैर जिम्मेदार हैं... तेजस्वी यादव बिहार में दूसरे नंबर के खिलाड़ी क्यों हो गए हैं?"

इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "ये पूरी यात्रा बहुत ही ऐतिहासिक रही है। पूरा पटना भर चुका है... आम आवाम जाग चुकी है जो अब इन बेइमानों को गद्दी से और सत्ता से हटाएगी। जो लोग लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें