Bihar Chunav : दूसरे चरण के वोटिंग से पहले BJP विधायक लालबाबू गुप्ता का 'पैसा बांटने' वाला वीडियो हुआ वायरल, केस दर्ज

Bihar Chunav 2025 : वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। मोतिहारी SP स्वर्ण प्रभात ने बताया कि यह मामला आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) का उल्लंघन प्रतीत होता है। इस संबंध में पताही थाने में FIR दर्ज की गई है। SP ने कहा कि जांच जारी है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी

अपडेटेड Nov 10, 2025 पर 8:52 PM
Story continues below Advertisement
BJP विधायक लालबाबू गुप्ता का 'पैसा बांटने' वाला वीडियो हुआ वायरल

बिहार में दूसरे चरण के वोटिंग को लेकर राज्य की सियासत में हलचल तेज हैइसी बीच पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया विधानसभा सीट से BJP विधायक और मौजूदा प्रत्याशी लालबाबू प्रसाद गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मतदाताओं को पैसे देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे जिले की राजनीति में हड़कंप मच गया है।

वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। मोतिहारी SP स्वर्ण प्रभात ने बताया कि यह मामला आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) का उल्लंघन प्रतीत होता है। इस संबंध में पताही थाने में FIR दर्ज की गई है। SP ने कहा कि जांच जारी है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, RJD ने भी सोमवार शाम इस वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करते हुए कड़ा हमला किया। X (पूर्व ट्विटर) पर पार्टी ने लिखा कि "चुनाव आयोग को छाती पर चढ़कर चिरैया का यह भ्रष्ट बीजेपी विधायक खुलेआम मतदाताओं को पैसा बांट रहा है लेकिन मजाल है कि बिका हुआ चुनाव आयोग इसे रोक सके। दो डरपोक डकैत लोकतंत्र को आग में झोंक रहे है। बिहार में तुम्हारा यह गंदा खेल नहीं चलेगा।"


बता दे कि यह पहली बार नहीं है जब लालबाबू प्रसाद गुप्ता विवादों में आए हैं। इससे एक दिन पहले रविवार को उनका एक और वीडियो वायरल हुआ था। उसमें कुछ स्थानीय लोग उनसे पासपोर्ट वेरिफिकेशन के दौरान थाने में पैसे मांगे जाने पर सवाल पूछते दिख रहे थे। इस पर गुप्ता ने कहा था कि अगर कोई 5 रुपया भी घुस का बात कहेगा तो उसका जुबान काट लेंगे।

इस पूरे विवाद से पहले ही जिले में दूसरे चरण की वोटिंग को लेकर हलचल तेज है। चुनाव आयोग लगातार निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की बात कह रहा है और कई जिलों में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। इसके बावजूद, राजनीतिक विवाद और चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले सामने आते जा रहे हैं।

राज्य में मंगलवार (11 नवंबर) को दूसरे चरण के विधानसभा की 122 सीटों पर मतदान होना है, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। वोटिंग से पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।