Credit Cards

Bihar Chunav 2025: 'जिन्होंने मां गंगा को दिया धोखा, बिहार अब नहीं देगा मौका'; कांग्रेस का नीतीश सरकार पर बड़ा हमला!

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव को लेकर गुरुवार (9 अक्टूबर) को पटना में कांग्रेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NDA सरकार पर बड़ा हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे

अपडेटेड Oct 09, 2025 पर 6:23 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Election 2025: कांग्रेस ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NDA सरकार पर बड़ा हमला बोला

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल गर्माने लगा है। चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक दल एक-दूसरे पर जमकर हमले करने में जुट गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार (9 अक्टूबर) को पटना में कांग्रेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NDA सरकार पर बड़ा हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस प्रेस वार्ता का थीम था, "20 साल विनाश काल", जिसमें कांग्रेस ने बिहार की नीतीश-BJP सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अपराध और पलायन जैसे मुद्दों पर तीखे सवाल खड़े किए है।

नीतीश-BJP ने बिहार को बदनाम किया

अशोक गहलोत ने कहा कि पिछले 20 सालों में बिहार का विकास नहीं, विनाश हुआ है। नीतीश कुमार ने कई बार पलटी खाई और सत्ता के लिए जनता को धोखा दिया। उन्होंने कहा, "जिन्होंने मां गंगा को धोखा दिया, बिहार की जनता अब उन्हें मौका नहीं देगी।"

गहलोत ने CAG रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 70,000 करोड़ से अधिक सरकारी फंड का हिसाब नहीं मिला, जिससे स्पष्ट है कि राज्य में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा और पोषण योजनाओं तक में भ्रष्टाचार फैला हुआ है।

उन्होंने कहा कि बिहार में गुड गवर्नेंस खत्म हो चुका है। अपराध और भ्रष्टाचार अपने चरम पर हैं। "डबल इंजन की सरकार" का इंजन अब "करप्शन इंजन" बन गया है।


भूपेश बघेल का NDA पर हमला

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बिहार ज्ञान की धरती है, लेकिन आज यहां रोजगार खत्म, किसान परेशान और उद्योग बंद हैं। उन्होंने कहा, "मनरेगा ठप है, किसान का धान कोई नहीं खरीदता, और महिलाएं माइक्रो फाइनेंस कर्ज में फंसी हैं।"

बघेल ने कहा कि यह सरकार विकास नहीं, बल्कि जनता का शोषण कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "यह डबल इंजन नहीं, ट्रबल इंजन सरकार है, जिसका एक इंजन दिल्ली में और दूसरा पटना में फंसा है।"

उन्होंने नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेताओं की साख अब खत्म हो चुकी है और जनता अब बदलाव चाहती है।

रिमोट कंट्रोल वाली डबल इंजन सरकार है NDA 

वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि बिहार में 20 साल से सत्ता में रही NDA सरकार "रिमोट कंट्रोल वाली डबल इंजन सरकार" है, जहां फैसले पटना में नहीं, दिल्ली और नागपुर से लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि "पिछले 20 सालों में बिहार में बेरोजगारी, पलायन और अपराध बढ़ा है। 3 करोड़ से ज्यादा लोग रोजगार की तलाश में राज्य छोड़ चुके हैं।"

जयराम रमेश ने जातीय जनगणना और आरक्षण को लेकर भी BJP पर हमला किया। उन्होंने कहा, "BJP हमेशा से आरक्षण और सामाजिक न्याय का विरोध करती रही है। आज वे उसी का दिखावा कर रहे हैं। लेकिन असलियत यह है कि उन्होंने जातीय जनगणना को कोर्ट में चुनौती दी थी।"

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार आज शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में देश के सबसे पिछड़े राज्यों में गिना जाता है। NCRB रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में अपराध के मामले देश में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, पेपर लीक, और युवाओं में बेरोजगारी ने बिहार को पीछे धकेल दिया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025: बिहार चुनाव से पहले JDU में भूचाल! पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय ने छोड़ा नीतीश का साथ, थामा RJD का हाथ

कांग्रेस ने घोषणा की है कि आने वाले दिनों में 'महागठबंधन' एक विस्तृत घोषणापत्र जारी करेगा, जिसमें बिहार के विकास और युवाओं को रोजगार देने की रूपरेखा दी जाएगी। 243 सदस्यीय विधानसभा की 121 सीटों पर छह नवंबर को जबकि शेष 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।