Bihar Election 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से गुरुवार को जारी एक अधिकारिक बयान में कहा गया, "बीजेपी ने पार्टी नेता धर्मेंद्र प्रधान को बिहार चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी के सी.आर. पाटिल और केशव प्रसाद मौर्य को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।" बिहार में इस साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।
इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी ने BJP नेता बैजयंत पांडा को तमिलनाडु चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। जबकि मुरलीधर मोहोल बिहार चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। जबकि त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों के लिए चुनाव अक्तूबर या नवंबर 2025 में होने हैं। पिछले चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2020 में हुए थे। उस चुनाव में NDA ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद के लिए सरकार बनाई थी। अगस्त 2022 में JDU एनडीए से नाता तोड़कर RJD के नेतृत्व वाले महागठबंधन में शामिल हो गई। लेकिन जनवरी 2024 में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में वापस आ गई और एक बार फिर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया।
'इंडिया टुडे टीवी' को सूत्रों ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव छठ पूजा के बाद 5 से 15 नवंबर के बीच होने की संभावना है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 को समाप्त होगा> निर्वाचन आयोग को उस डेट से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सूत्रों ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव तैयारियों और फाइनल वोटर लिस्ट की समीक्षा के लिए अगले सप्ताह बिहार का दौरा करेंगे। फाइनल वोटर लिस्ट 30 सितंबर को जारी की जाएगी।
बिहार में एक बार फिर कई चरणों में मतदान होने वाला है। 2020 के चुनाव तीन चरणों में हुए थे। जबकि 2015 में मतदान पांच चरणों में हुआ था। इस साल की लड़ाई एक बार फिर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और विपक्ष के 'इंडिया' ब्लॉक के बीच होगी। BJP, जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से मिलकर बना NDA मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक और कार्यकाल की उम्मीद कर रहा है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेतृत्व वाला विपक्षी खेमा कांग्रेस और वामपंथी दलों के साथ मिलकर उन्हें सत्ता से बेदखल करने की उम्मीद कर रहा है।