Bihar Election 2025: भारतीय जनता पार्टी (16 अक्टूबर) ने बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन 17 अक्टूबर को समाप्त हो रहे हैं। पहले चरण में 6 नवंबर को 243 में से 121 सीटों पर मतदान होगा। जबकि बाकी सीटों के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।
बिहार विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पार्टी के शीर्ष प्रमुख नेताओं, मुख्यमंत्रियों और मशहूर हस्तियों का नाम शामिल है। इसमें बीजेपी के 5 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, राधा मोहन सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति और अश्विनी कुमार चौबे भी लिस्ट में शामिल हैं। उनके अलावा, बिहार के दोनों उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, पूर्व उप-मुख्यमंत्री रेणु देवी और कई अन्य राज्य मंत्री भी चुनाव मैदान में हैं।
लिस्ट में भोजपुरी सिनेमा के कुछ बड़े नाम भी शामिल हैं। इनमें अभिनेता और सिंगर से राजनेता बने पवन सिंह, मनोज तिवारी, रवि किशन, दिनेश लाल यादव निरहुआ भी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट बुधवार रात जारी कर दी। इसमें 18 नाम शामिल थे।
इस बीच, जनता दल (यूनाइटेड) ने भी गुरुवार को 44 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी। इससे बीजेपी के साथ जेडीयू के उम्मीदवारों की भी कुल संख्या 101 हो गई है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने भी अपने छह-छह उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इसके अलावा चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने सभी 29 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए हैं।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बिहार चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं, विपक्षी 'महागठबंधन' ने अभी तक सीट बंटवारे के अपने फॉर्मूले को ही अंतिम रूप नहीं दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, कांग्रेस के भी कई प्रत्याशी बिना सीट बंटवारे के पर्चा भर रहे हैं।