Bihar Protest: बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन का आज शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव प्रदर्शन में होंगे शामिल

Bihar Assembly Elections 2025: कांग्रेस नेता राहुल गांधी पटना के इनकम टैक्स गोलंबर से वीरचंद पटेल पथ और शहीद स्मारक होते हुए चुनाव आयोग के दफ्तर तक पैदल मार्च करेंगे। वहीं, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव सचिवालय हॉल्ट पर रेल जाम कर विरोध जताएंगे। पिछले पांच महीनों में राहुल गांधी का यह राज्य का सातवां दौरा है

अपडेटेड Jul 09, 2025 पर 9:06 AM
Bihar Protest News: वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के विरोध में महागठबधन ने आज (9 जुलाई) 'बिहार बंद' का ऐलान किया है

Bihar election 2025: बिहार में इस साल के आखिरी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सरगर्मियां चरम पर है। चुनाव से पहले राज्य में वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के मसले पर बवाल मचा हुआ है। इसके विरोध में महागठबधन ने आज (9 जुलाई) 'बिहार बंद' का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में RJD नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने बिहार के तमाम हिस्सों में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बिहार दौरे के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पटना में कारोबारी गोपाल खेमका के परिवार से भी मिलेंगे।

गोपाल खेमका की पिछले हफ्ते पटना में उनके घर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना गांधी मैदान इलाके में खेमका के घर के गेट के पास उस दौरान हुई जब वह कार से उतरने वाले थे। महागठबंधन ने विरोध प्रदर्शन के दौरान पूरे राज्य में चक्का जाम करने का ऐलान किया है।

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी पटना के इनकम टैक्स गोलंबर से वीरचंद पटेल पथ और शहीद स्मारक होते हुए चुनाव आयोग के दफ्तर तक पैदल मार्च करेंगे। वहीं, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव सचिवालय हॉल्ट पर रेल जाम कर विरोध जताएंगे। पिछले पांच महीनों में राहुल गांधी का यह राज्य का सातवां दौरा है।


कांग्रेस अपने सहयोगियों RJD और वामपंथी दलों के साथ चुनाव आयोग की तरफ से कराए जा रहे वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के विरोध में चक्का जाम कर रही है। विपक्ष का आरोप है कि यह प्रक्रिया गरीबों, प्रवासियों और हाशिए पर पड़े समुदायों के वोटों को दबाने के लिए बनाई गई है। बिहार कांग्रेस प्रमुख राजेश राम ने कहा, "यह गरीबों के मतदान के अधिकार पर सीधा हमला है।"

क्या है प्लान?

विरोध-प्रदर्शन के दौरान महागठबंधन ने पटना में प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक रोकने की योजना बनाई है। आंदोलन में भाग लेने के लिए विभिन्न जिलों से पार्टी कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। अगले तीन महीने में होने वाले बिहार विधानसभा चुनावों से पहले विपक्षी महागठबंधन द्वारा शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है।

वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन पर विवाद

चुनाव आयोग द्वारा 24 जून को शुरू किए गए वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन में 11 पहचान दस्तावेजों में से किसी एक को जमा करना अनिवार्य है। विपक्ष को आशंका है कि इससे दलितों, महादलितों, प्रवासी मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मताधिकार से वंचित किया जा सकता है। उन्होंने इस वेरिफिकेशन अभियान को सत्तारूढ़ गठबंधन के पक्ष में वोट रोकने की साजिश करार दिया है।

गोपाल खेमका के परिवार से मिलेंगे राहुल गांधी

सूत्रों से बताया है कि राहुल गांधी कारोबारी गोपाल खेमका के परिवार से भी मिल सकते हैं। उनकी 4 जुलाई को गांधी मैदान के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार पर विपक्ष के हमलों को तेज कर दिया है। राज्य में चुनावी मौसम की तैयारी के बीच राहुल गांधी की इस यात्रा से विपक्ष के बयान को राजनीतिक बल मिलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Bharat Bandh Today: आज है 'भारत बंद', 25 करोड़ कर्मचारी करेंगे हड़ताल, जानें क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में हत्या की हालिया घटनाओं को लेकर मंगलवार को सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों दलों के ठगबंधन ने प्रदेश को देश की 'क्राइम कैपिटल' बना दिया है। हाल ही में पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या के साथ ही बिहार के कुछ अन्य जिलों में भी अपराध की कई घटनाएं हुई हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।