Bihar Election 2025: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की घोषणा के बाद सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के बीच फिर से मतभेद उभरकर सामने आए हैं। NDA के दो छोटे सहयोगी दल केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाली हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को छह-छह सीटें मिलने पर दोनों दलों ने सीट बंटवारे के फार्मूले को लेकर असंतोष जताया है। RLM प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने सीट बंटवारे में निशारा जताते हुए एक शायरी के जरिए अपनी नाराजगी व्यक्त की है।
उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "आज बादलों ने फिर साजिश की, जहां मेरा घर था वहीं बारिश की। अगर फलक को जिद है बिजलियां गिराने की, तो हमें भी जिद है वहीं पर आशियां बसाने की।" NDA ने रविवार को 243 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए सीट बंटवारे की घोषणा की थी।
इसके तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेंगी। जबकि शेष सीट छोटे हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को दी जाएंगी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीट पर उम्मीदवार उतारेगी।
इससे पहले कुशवाहा ने सीट बंटवारे की घोषणा के बाद रविवार देर रात X पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लिखा, "प्रिय साथियों, मैं आप सबसे क्षमा मांगता हूं। हमें जितनी सीट मिली है, वह आपकी अपेक्षा के अनुरूप नहीं हैं। मैं समझता हूं कि यह फैसला उन साथियों को आहत करेगा जो हमारी पार्टी से उम्मीदवार बनने की उम्मीद रखे थे।"
उन्होंने आगे लिखा, "आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा। फिर भी मुझे भरोसा है कि आप सभी मेरी और पार्टी की मजबूरियों को समझेंगे। मैं विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि पहले आप सबका गुस्सा शांत हो जाए, फिर खुद समझ पाएंगे कि यह फैसला कितना सही या गलत था। बाकी बात समय बताएगा।"
इसके अलावा जीतन राम मांझी ने रविवार को पत्रकारों से कहा, "ऊपर से जो फैसला हुआ है, हमने उसे स्वीकार किया है। लेकिन सिर्फ छह सीट देकर हमें कमतर आंका गया है। इसका असर चुनाव में राजग पर पड़ेगा।" मांझी अपनी पार्टी को मान्यता दिलाने के लिए कम से कम 15 सीट की मांग कर रहे थे। वह दिल्ली में सीट बंटवारे की घोषणा से ठीक पहले पटना लौट आए। हालांकि उन्होंने खुले तौर पर बगावत का रुख नहीं अपनाया।
यह पहली बार है जब बिहार में NDA के दोनों छोटे घटक दल बराबर संख्या में सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। पटना में कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने NDA पर तंज कसते हुए कहा, "सीट बंटवारे से यह साफ है कि BJP ने नीतीश कुमार को सीमित कर दिया है। अब तक हर चुनाव में BJP-JDU से ज्यादा सीट पर लड़ती थी। लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। यह स्पष्ट संकेत है कि आने वाले दिनों में भाजपा जदयू को पूरी तरह निगल जाएगी।"