Bihar Assembly election 2025: बिहार में चुनावी सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (24 अक्टूबर) को समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम का दौरा किया। यह कर्पूरी ठाकुर की जन्मस्थली है। प्रधानमंत्री मोदी ने समस्तीपुर में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कर्पूरी ठाकुर के परिजनों से भी मुलाकात की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। पीएम मोदी थोड़ी देर में समस्तीपुर एयरपोर्ट मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद बिहार में उनका यह पहला चुनावी कार्यक्रम होगा।
पीएम मोदी आज बिहार में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। चुनावी ऐलान के बाद प्रधानमंत्री मोदी बिहार में पहली जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसकी शुरुआत दोपहर 12:15 बजे समस्तीपुर और दोपहर 2 बजे बेगूसराय में होगी। पीएम मोदी भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जन्मस्थली समस्तीपुर से चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। वह 1970 के दशक में बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे।
उन्होंने इस साल सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया था। बिहार के एक प्रमुख समाजवादी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक न्याय और हाशिए पर पड़े समुदायों के उत्थान के प्रति उनके समर्पण के लिए याद किया जाता है। पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण सहित उनकी नीतियों का राज्य पर गहरा प्रभाव पड़ा है।
इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी को सादर नमन! आज समस्तीपुर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। फिर दोपहर करीब 12:15 बजे वहां के अपने परिवारजनों से संवाद का सुअवसर मिलेगा। इसके बाद लगभग 2 बजे बेगूसराय की जनसभा में अपने भाई-बहनों का आशीर्वाद प्राप्त करूंगा। बिहार की जनता-जनार्दन का जोश और उत्साह बताता है कि इस बार के विधानसभा चुनावों में भी बीजेपी-एनडीए को प्रचंड जीत मिलने जा रही है।"
प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को बिहार के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राज्य में दो चरणों में छह और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है। प्रधानमंत्री मोदी समस्तीपुर और बेगूसराय जिलों में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। जबकि शाह सिवान और बक्सर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
शाह की सभाओं को पार्टी के लिए पश्चिम बिहार में चुनावी अभियान को गति देने के रूप में देखा जा रहा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, "एक ओर कांग्रेस पार्टी कर्पूरी ठाकुर को 'जननायक की उपाधि से वंचित करने की कोशिश कर रही है, जबकि दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी स्वयं उनके गांव जाकर भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देकर चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। यही राजग और ‘इंडिया’ गठबंधन के बीच का फर्क है।"
उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार में NDA पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है। जनता का विश्वास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए के साथ है। राज्य की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे। जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।