Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में महागठबंधन का CM चेहरा होंगे तेजस्वी यादव! कांग्रेस ने बताया कब होगा सीटों का बंटवारा

Bihar Assembly Election 2025: महागठबंधन की बैठक के बाद मुख्यमंत्री फेस पर कोई आधिकारिक ऐलान तो नहीं हो पाया, लेकिन यह फाइनल हो गया है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ही बिहार चुनाव में मुख्य भूमिका में होंगे। सूत्रों ने बताया कि घटक दलों ने बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अपना नेता चुन लिया है

अपडेटेड Apr 18, 2025 पर 9:48 AM
Story continues below Advertisement
Bihar Assembly Election 2025: करगहर के कांग्रेस विधायक संतोष मिश्रा ने तेजस्वी यादव के नाम की पुष्टि कर दी है

Bihar Assembly Election 2025: बिहार में इस साल के आखिरी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजधानी पटना में गुरुवार (17 अप्रैल) को महागठबंधन की एक बड़ी बैठक हुई। इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री फेस पर कोई आधिकारिक ऐलान तो नहीं हो पाया, लेकिन यह फाइनल हो गया है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ही बिहार चुनाव में मुख्य भूमिका में होंगे। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस समेत विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक दलों ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अपना नेता चुन लिया है।

ABP न्यूज के मुताबिक, करगहर के कांग्रेस विधायक संतोष मिश्रा ने इसकी पुष्टि कर दी है। क्या तेजस्वी यादव सीएम फेस होंगे? इस सवाल पर संतोष मिश्रा ने कहा कि तेजस्वी मुख्यमंत्री के चेहरा हैं इसमें कोई शक नहीं है। उन्होंने कहा कि RJD महागठबंधन का सबसे बड़ा दल है। देखा जाए तो सबसे बड़े नेता तेजस्वी यादव हैं। वह नेता प्रतिपक्ष हैं। मिश्रा ने कहा कि तेजस्वी ही महागठबंधन का चेहरा हैं। महागठबंधन 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि सीटों को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। 15 मई के बाद कुछ चीजें पता चल जाएंगी कि कौन-कौन सी सीटें कांग्रेस, RJD या अन्य पार्टियों के पक्ष में आ रही हैं।

तेजस्वी की अध्यक्षता में 'इंडिया' की समन्वय समिति गठित


बिहार में इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के घटक दलों ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के वास्ते एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर विचार-विमर्श करने के लिए गुरुवार को RJD नेता तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में एक समन्वय समिति का गठन किया। अहम बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने कहा, "आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संयुक्त रणनीति और न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार करने के लिए महागठबंधन के सहयोगी दलों ने सर्वसम्मति से एक समन्वय समिति गठित करने का निर्णय लिया। मुझे समिति का अध्यक्ष चुना गया है।"

बिहार में महागठबंधन में RJD, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) शामिल हैं। RJD नेता ने कहा कि समिति बिहार के लोगों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को ध्यान में रखते हुए अभियान की रणनीति, सीट बंटवारे की व्यवस्था और गठबंधन सहयोगियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी चर्चा करेगी।

उन्होंने कहा, "हम राज्य में जनविरोधी और बिहार विरोधी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार को हटाने के लिए एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।" चुनाव के लिए महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा, "चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है... इस संबंध में उचित समय पर आपके साथ जानकारी साझा की जायेगी।" बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में NDA सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा और आक्रोश है।

ये भी पढ़ें- Karunanidhi Memorial Row: करुणानिधि स्मारक की सजावट पर सियासी घमासान! मंदिर प्रतीक को लेकर BJP ने की DMK की आलोचना, बताया 'अहंकार की पराकाष्ठा'

यादव ने कहा, "केंद्र और बिहार की सरकारें राज्य से जुड़े मुद्दों को सुलझाने में विफल रही हैं। दरअसल, भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने बिहार के साथ सौतेला व्यवहार किया है। बिहार आज भी गरीबी, अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन में नंबर एक है। राज्य का असली ‘डबल इंजन’ अपराध और भ्रष्टाचार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह बिहार आते रहते हैं... उन्हें जवाब देना चाहिए। (मुख्यमंत्री) नीतीश कुमार पूरी तरह से बेसुध स्थिति में हैं।"

Akhilesh Nath Tripathi

Akhilesh Nath Tripathi

First Published: Apr 18, 2025 9:18 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।