बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने जोरदार प्रचार शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार (29 अक्टूबर) को सिवान जिले के रघुनाथपुर और दरौली में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। वे रधुनाथपुर से JDU उम्मीदवार विकास कुमार सिंह और दरौली से विष्णुदेव पासवान के समर्थन में वोट मांगने आए थे। सभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने 'महागठबंधन' और खासकर RJD पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने जंगलराज का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिहार को फिर उस दौर में नहीं जाने दिया जाएगा।
RJD उम्मीदवार पर सीधा हमला 'जैसा नाम, वैसा काम'
योगी आदित्यनाथ ने रघुनाथपुर सीट से RJD उम्मीदवार और पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा साहेब पर बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने मंच से कहा, "RJD ने यहां जिस उम्मीदवार को उतारा है, वो अपनी खानदानी आपराधिक पृष्ठभूमि के लिए इस जमीन पर ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में कुख्यात के रूप में विख्यात रहा है। उन्होंने कहा, "नाम तो देखो ना, जैसा नाम वैसा काम। यह वही इलाका है, जहां तेजाब कांड हुआ था। चंदा बाबू के बेटों पर एसिड से हमला हुआ था।" योगी ने कहा कि अपराधियों को फिर से सिर उठाने का मौका नहीं देना चाहिए।
जंगलराज की वापसी नहीं होने देंगे: योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि NDA के सभी दल मिलकर यह तय कर चुके हैं कि बिहार को दोबारा जंगलराज की ओर नहीं जाने देंगे। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार में लोगों ने राहत की सांस ली है, जबकि लालू-राबड़ी शासन में लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलने से डरते थे। उन्होंने कहा, "बिहार में NDA सरकार आई, तो कानून व्यवस्था मजबूत हुई। अब अपराधी खुलकर नहीं घूमते।"
योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर मुद्दा उठाते हुए कहा कि RJD और कांग्रेस कभी अयोध्या में राम मंदिर बनने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने कहा, "इन लोगों ने राम मंदिर के रथ को रोका था। कांग्रेस तो कहती थी कि भगवान राम है ही नहीं।" इसके साथ ही, उन्होंने सीतामढ़ी में मां जानकी मंदिर निर्माण का विरोध करने पर भी विपक्ष को घेरा।
योगी ने दावा किया कि बिहार की जनता विकास और सुरक्षा चाहती है और इसलिए इस बार फिर NDA सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि NDA ही किसानों, युवाओं और महिलाओं की सुरक्षा व विकास के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा, "सीवान की जनता ने बता दिया है कि जो विकास करेगा, वही राज करेगा।" वहीं, सभा के दौरान हल्की बारिश होने के कारण, उन्होंने कहा कि इंद्रदेव भी चाहते हैं कि बिहार में फिर NDA की सरकार बने।
बिहार में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। एक ओर 'महागठबंधन' तेजस्वी यादव को नेता बनाकर मैदान में है, तो दूसरी ओर NDA अपने विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ जनता से समर्थन मांग रहा है। योगी आदित्यनाथ की तीखी बयानबाज़ी से साफ है कि आने वाले दिन चुनावी माहौल को और गर्म करेंगे।