Bihar First Phase Voting: बिहार में आज 6 नवंबर को पहले फेज के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में मतदान हो रहा है। यह चरण बिहार की सियासत की सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है, क्योंकि मैदान में न सिर्फ विपक्ष के सीएम पद के दावेदार तेजस्वी यादव और उनके भाई तेज प्रताप यादव हैं, बल्कि दो उपमुख्यमंत्री और 13 मंत्री भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव की भी किस्मत आज EVM में कैद हो जाएगी। NDA और विपक्षी महागठबंधन के बीच सीधी टक्कर है, लेकिन प्रशांत किशोर का जनसुराज और कई छोटे दल समीकरण बिगाड़ने के लिए जुटे हुए हैं।
10 पॉइंट्स में जानिए पहले फेज के चुनाव की महत्वपूर्ण बातें
1. मतदाता और उम्मीदवार: 121 सीटों पर 122 महिलाओं सहित कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनका फैसला 3 करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता करेंगे। इनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिलाएं और 7.37 लाख से अधिक पहली बार वोट देने वाले युवा शामिल हैं।
2. प्रमुख गठबंधन: NDA में BJP (48 सीटें), JDU (57 सीटें), LJP (रामविलास) (14 सीटें), और RLM (2 सीटें)। महागठबंधन की ओर से RJD (73 सीटें), कॉन्ग्रेस (24 सीटें), CPI (ML) (14 सीटें), CPI (3 सीटें), CPI (M) (5 सीटें)। प्रशांत किशोर का जनसुराज 119 सीटों पर प्रत्याशी उतारकर लगभग हर सीट पर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में है।
3. सत्ता पक्ष के 13 मंत्रियों की परीक्षा: NDA सरकार के 15 में से 13 मंत्री इस चरण में मैदान में हैं। दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (तारापुर) और विजय कुमार सिन्हा (लखीसराय) से चुनावी मैदान में हैं। JDU के वरिष्ठ मंत्री विजय चौधरी (सरायरंजन) और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार (भोर) भी शामिल हैं।
4. तेजस्वी की प्रतिष्ठा का सवाल: महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव खुद RJD परिवार की परंपरागत सीट राघोपुर से मैदान में हैं। उनके सामने BJP के सतीश कुमार हैं, जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को हराया था। यह मुकाबला तेजस्वी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है।
5. तेज प्रताप का 'नया दांव': तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव RJD से निष्कासन के बाद अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल के टिकट पर वैशाली की महुआ सीट से अपनी राजनीतिक वापसी की तलाश में हैं।
6. मोकामा में बाहुबलियों का टकराव: मोकामा सीट पर मुकाबला बेहद गरमाया हुआ है। JDU के बाहुबली नेता अनंत सिंह का सामना RJD की तरफ से सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी से है। मोकामा की यह टक्कर व्यक्तिगत वर्चस्व और जातीय समीकरण की मानी जा रही है।
7. चुनावी ग्लैमर का तड़का: इस फेज में ग्लैमर का तड़का भी है। लोकगायिका मैथिली ठाकुर BJP के टिकट पर अलीनगर से मैदान में हैं और वह इस चरण की सबसे कम उम्र की उम्मीदवार (25 वर्ष) हैं। भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव छपरा से RJD प्रत्याशी हैं।
8. प्रदेश अध्यक्षों की साख: पहले फेज में तीन प्रमुख दलों के प्रदेश अध्यक्षों की साख दांव पर है। JDU के उमेश सिंह कुशवाहा (महनार), RLM के मदन चौधरी (पारू), और IIP के अध्यक्ष आईपी गुप्ता (सहरसा)।
9. उम्र और उत्साह का मिश्रण: सबसे उम्रदराज उम्मीदवार 78 वर्ष के JDU के हरिनारायण सिंह (हरनौत) और RJD के अवध बिहारी चौधरी (सिवान) हैं, जबकि सबसे युवा चेहरा मैथिली ठाकुर हैं।
10. किसके सर सजेगा ताज?: पहले चरण का मतदान इसलिए निर्णायक है क्योंकि इसमें NDA के 13 मंत्रियों का अनुभव, तेजस्वी यादव की प्रतिष्ठा, तेज प्रताप की नई पार्टी की साख, और जनसुराज की जमीनी पकड़ एक साथ परखी जा रही है। बिहार की 3.75 करोड़ जनता आज तय करेगी कि प्रदेश में अनुभव का पलड़ा ज्यादा भारी है या उत्साह का।