बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में अब सिर्फ दो ही दिन का समय बचा है। NDA हो या महागठबंधन दोनों तरफ से वादों और योजनाओं की बौछारें हो रही हैं। इसी कड़ी में सारण में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी बिहार की जनता को वचन दे दिया कि वह बिहार की सड़कों को अमेरिका जैसै बना देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के नेशनल हाईवे को वर्ल्ड स्टैंडर्ड का बना दिया जाएगा।
उन्होंने रैली में कहा, "अब वो दिन दूर नहीं जब मैं बिहार की सड़कों को अमेरिका के बराबर बना दूंगा। ये मेरा वचन है। मैं एक से एक ब्रिज बना दूंगा। कोई समस्या नहीं है। कुछ भी किया जा सकता है। मैं आप पर कोई एहसान नहीं कर रहा हूं। ये आपका पैसा है। आप मालिक हैं और हम नौकर। हम ईमानदारी से आपकी सेवा करते हैं। इसीलिए आपने हमें चुना है।"
इससे पहले नितिन गडकरी ने सोमवार को बिहार के मतदाताओं से आगामी विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का समर्थन करने का आग्रह करते हुए महागठबंधन को “अंजे, पंजे, गंजे” कहा।
NDA की जीत से पैदा होगा जोरदार करंट
मांझी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि NDA की जीत से इतना जोरदार "करंट" पैदा होगा कि राज्य के राजनीतिक नक्शे से विपक्ष का नामोनिशान मिट जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि बिहार और केंद्र में NDA के नेतृत्व वाली "डबल इंजन" सरकारें मिलकर राज्य के बुनियादी ढांचे और अर्थव्यवस्था को बदलने के लिए काम कर रही हैं।
गडकरी ने कहा, "आज बिहार सरकार और दिल्ली सरकार मिलकर बिहार के विकास के लिए डबल इंजन चला रही हैं। हमारी राजधानी एक्सप्रेस पूरी रफ्तार से दौड़ रही है। चुनाव के दिन आपका काम बस हरा झंडा लहराना है। तीर के निशान पर बटन दबाइए, ऐसा करंट लगेगा कि 'अंजे, पंजे, गंजे' गायब हो जाएंगे।"
इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार के जोर का जिक्र करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि बिहार भर में विश्वस्तरीय सड़क और राजमार्ग परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने आगे कहा, "वो दिन दूर नहीं जब मैं आपकी और बिहार की सड़कों को अमेरिका जैसी अच्छी बना दूंगा। यह मेरा वादा है। मैं एक के बाद एक शानदार पुल बनवाऊंगा। इसमें कोई मुश्किल नहीं है।"
गांधी जी के तीन बंदर: योगी
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता योगी आदित्यनाथ ने केवटी में एक जनसभा के दौरान महागठबंधन पर तीखा हमला बोला और उसके प्रचारकों को "तीन बंदर" बताया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए, आदित्यनाथ ने कहा कि ये तीनों महात्मा गांधी के प्रसिद्ध बंदरों जैसे हैं जो "बुरा नहीं बोलते, बुरा नहीं सुनते, बुरा नहीं देखते।"