Bihar Election Result 2025: बिहार चुनाव में NDA की प्रचंड जीत के संकेत मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अपना हमला तेज कर दिया। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर लगातार चुनाव हारने को लेकर तंज कसा है। मालवीय ने एक ग्राफिक्स के जरिए दावा किया है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में अब तक कांग्रेस की 95 बार हार हो चुकी है।
अमित मालवीय ने X पर पोस्ट किया, "राहुल गांधी! एक और चुनाव, एक और हार! अगर चुनावी निरंतरता के लिए कोई पुरस्कार होते, तो वह सभी पर भारी पड़ते।" उन्होंने आगे कहा, "इस दर पर असफलताएं भी सोच रही होंगी कि वह उन्हें इतनी विश्वसनीयता से कैसे पहचान लेते हैं।"
मालवीय ने राहुल गांधी के नेतृत्व में 95 हार का दावा करते हुए कहा, "राहुल गांधी की 95 हार.., हालांकि कई लोग उन्हें 9 से 5 बजे तक दोषारोपण करने वाला राजनेता कहेंगे। लेकिन राहुल गांधी दो दशकों में 95 चुनावी हार झेल चुके हैं, जो एक सदी से पांच कम है। क्या भारत की संस्थाओं पर यह हमला इस चांदी के चम्मच वाले उत्तराधिकारी की ध्यान भटकाने की चाल है?"
मालवीय ने राज्य चुनावों के ग्राफिक्स भी पोस्ट किए, जिसमें दिखाया गया है कि राहुल गांधी के चुनावी राजनीति में एंट्री करने के बाद कांग्रेस पार्टी कब और कहां चुनाव हारी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतगणना जारी है।
चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के मुताबिक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बहुमत के लिए आवश्यक आंकड़े 122 को आसानी से पार करते हुए दिख रही है। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव में NDA के प्रदर्शन की सराहना करते हुए शुक्रवार को कहा कि लोगों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास-केंद्रित राजनीति में अपना भरोसा जताया है।
बीजेपी सांसद एवं मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा, "NDA बिहार में भारी जीत की ओर बढ़ रहा है।" बलूनी ने बिहार में प्रधानमंत्री मोदी के चुनाव प्रचार का एक वीडियो फुटेज भी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि NDA राज्य में अपनी अब तक की सबसे बड़ी चुनावी जीत दर्ज करेगा।
PM मोदी के इसी वीडियो क्लिप को साझा करते हुए BJP सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने X पर भोजपुरी में लिखा, "बिहार में बंपर जीत हो गईल, जोड़ी मोदी-नीतीश जी के हिट हो गईल।" चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के रुझानों के बीच BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी ने उनके नेतृत्व में न केवल अपनी विरासत खो दी है, बल्कि विश्वसनीयता भी खो दी है।
भाटिया ने X पर लिखा, "नेहरूजी की जयंती पर राहुल का कांग्रेस को तोहफा: बार-बार 95 हार! विरासत भी गई, विश्वसनीयता भी चली गई!" राज्य विधाानसभा चुनाव में NDA के प्रदर्शन की सराहना करते हुए BJP के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि बिहार के लोगों ने एक बार फिर मोदी की विकास-केंद्रित राजनीति में अपना विश्वास जताया है।