Tejashwi Yadav: 14 जनवरी को महिलाओं के खाते में भेजेंगे ₹30,000 - तेजस्वी यादव का बड़ा चुनावी वादा

Bihar Assembly election: तेजस्वी यादव ने ऐलान किया कि सरकार बनने के बाद 14 जनवरी को राज्य की सभी महिलाओं के खाते में 30,000 रुपए भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि, महंगाई के इस दौर में महिलाओं को आर्थिक सहयोग देने के लिए यह राशि सीधे उनके खाते में जाएगी। यह 5 साल में ₹1.5 लाख की सहायता होगी, यानी हर महीने औसतन ₹2,500

अपडेटेड Nov 04, 2025 पर 11:48 AM
Story continues below Advertisement
उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए भी बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी तबादला पोस्टिंग उनके घरों से केवल 70 किलोमीटर के दायरे में ही की जाएगी

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र सभी दल लगातार बड़े वादे कर रहे हैं। इसी कड़ी में 'महागठबंधन' के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने मंगलवार (4 नवंबर) को कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनते ही महिलाओं, जीविका दीदियों, किसानों और सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी योजनाएं लागू की जाएंगी।

मां-बहन मान योजना - महिलाओं को हर साल ₹30,000

तेजस्वी यादव ने ऐलान किया कि सरकार बनने के बाद 14 जनवरी (मकर संक्रांति) को राज्य की सभी महिलाओं के खाते में 30,000 रुपए भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि, "महंगाई के इस दौर में महिलाओं को आर्थिक सहयोग देने के लिए यह राशि सीधे उनके खाते में जाएगी। यह 5 साल में ₹1.5 लाख की सहायता होगी, यानी हर महीने औसतन ₹2,500।"


इसी के साथ उन्होंने जीविका दीदियों के लिए भी बड़ी घोषणाएं कीं। तेजस्वी ने कहा कि सरकार बनने पर जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा और उनका मासिक मानदेय ₹30,000 तय होगा। इसके अलावा कैडर समूह को प्रतिमाह ₹2,000 मदद दी जाएगी, ब्याज माफी की जाएगी और सभी जीविका दीदियों को ₹5 लाख का बीमा कवरेज दिया जाएगा।

OPS बहाली का वादा

सरकारी कर्मचारियों के लिए भी उन्होंने राहत की बात कही। तेजस्वी ने स्पष्ट घोषणा की कि उनकी सरकार आते ही OPS (Old Pension Scheme) लागू की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, शिक्षक सहित राज्य के अन्य कर्मचारियों की पोस्टिंग उनके होम डिस्ट्रिक्ट से 70 किलोमीटर के दायरे में की जाएगी, ताकि उन्हें घर परिवार से दूर रहने की परेशानी न उठानी पड़े।

किसानों को MSP के साथ 300 रुपये प्रति क्विंटल बोनस

किसानों को लेकर भी तेजस्वी ने बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि धान और गेहूं पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) नहीं मिलता, इसलिए सरकार बनने पर किसानों को MSP के अतिरिक्त ₹300 प्रति क्विंटल बोनस दिया जाएगा। इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और खेती लाभ का काम बन सकेगी।

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर राज्य की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई से जूझ रही महिलाओं को आर्थिक मदद मिलेगी, कर्मचारियों की पेंशन बहाल होगी और जीविका दीदियों को सम्मान व सुरक्षा मिलेगी।

बिहार में 6 और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। जैसे-जैसे मतदान की तारीख पास आ रही है, चुनावी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है और वादों की बौछार जारी है। तेजस्वी की यह घोषणा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, खासकर महिलाओं, किसानों और नौकरीपेशा वर्ग के बीच इसका प्रभाव देखा जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।