बिहार में इस साल के अंत विधानसभा चुनाव होना होना और इससे पहले ही राज्य में सियासी सरगर्मी काफी तेजी से बढ़ रही है। वहीं बिहार चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में एक बड़ा बयान सामने आया है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने रविवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गठजोड़ कर लिया है। उन्होंने कहा कि अब प्रशांत किशोर को चिराग पासवान को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर देना चाहिए।
पप्पू यादव ने दिया बड़ा बयान
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि अगर चिराग पासवान को एनडीए यानी भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन में साथ रहना पसंद नहीं आता, तो वे अपने खेमे में उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पप्पू यादव ने कहा, "चिराग पासवान और प्रशांत किशोर ने मिलकर हाथ मिला लिया है। अब प्रशांत किशोर को चिराग पासवान को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर देना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा, "अगर ये दोनों कुछ सीटें भी जीत लेते हैं, तो यह जेडीयू और नीतीश कुमार के लिए परेशानी खड़ी कर देगा। और अगर चिराग को वहां (एनडीए) अच्छा नहीं लग रहा है, तो हमारे साथ आने पर हम उनका स्वागत करेंगे।"
गरमाई बिहार की राजनीति
बता दें कि हाल ही में चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों के सामने सरकार ने जैसे आत्मसमर्पण कर दिया है, और उन्हें ऐसी सरकार का समर्थन करने पर अफसोस हो रहा है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक बयान में कहा, "मुझे दुख होता है कि मैं ऐसी सरकार का हिस्सा हूँ जो राज्य में अपराधों को रोकने में पूरी तरह नाकाम है। हमें पीड़ितों के दर्द के बारे में सोचना चाहिए। बिहार की हालत वाकई डरावनी हो चुकी है।" चिराग की यह टिप्पणी उस समय आई है जब पप्पू यादव और प्रशांत किशोर के साथ उनके बढ़ते सियासी समीकरणों की चर्चा भी तेज है।
चिराग ने अपनाया बगावती सुर!
चिराग पासवान के बयानों के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। उनके आरोपों ने राज्य में एनडीए सरकार को घेरने का मौका विपक्ष को दे दिया है, खासकर जब राज्य में हत्या, अपहरण और बलात्कार जैसे अपराधों की घटनाएं बढ़ी हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने भी शनिवार को एनडीए पर निशाना साधा, लेकिन साथ ही चिराग पासवान पर खुद कोई ठोस कदम न उठाने का आरोप भी लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल-यूनाइटेड (जेडी-यू) ने उनका बचाव किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "जो लोग कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं, उन्हें सबसे पहले अपनी ही पार्टी में आपराधिक छवि वाले लोगों को जगह नहीं देनी चाहिए। नीतीश कुमार राज्य में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।