Bihar Exit Polls 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के मतदान के बाद आए लगभग सभी एग्जिट पोल (सर्वेक्षणों) में संभावना जताई गई है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बड़े बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बना सकता है। यदि असली नतीजे भी चुनाव बाद आए इन सर्वे के आंकड़ों की तरह आते हैं तो एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस, वाम दल और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के 'महागठबंधन' के लिए सत्ता दूर की कौड़ी साबित होगी।
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले NDA में जनता दल यूनाइटेड (JDU), भारतीय जनता पार्टी (BJP), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तान अवामी मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) शामिल हैं। बिहार में मतदान समाप्त होने के बाद आए लगभग सभी सर्वेक्षण एजेंसियों के एग्जिट पोल में NDA को बड़ी जीत मिलने की भविष्यवाणी की गई है।
इस बार, दैनिक भास्कर, मैट्रिज, पीपुल्स इनसाइट, चाणक्य स्ट्रैटेजीज और पीपुल्स पल्स सहित 9 एग्जिट पोल ने बिहार में सत्ताधारी NDA की जीत का अनुमान लगाया है। इनके आंकड़े 130 से 167 के बीच हैं। उनके अनुसार, महागठबंधन का स्कोर 73 से 108 के बीच रहेगा। एग्जिट पोल का पूरा सार निकालने पर औसत बताता है कि सत्तारूढ़ एनडीए को 147 और महागठबंधन को 90 सीटें मिलेंगी।
चुनाव विश्लेषक से राजनेता बने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी एग्जिट पोल के अनुसार बिहार चुनाव में कुछ खास असर नहीं डाल पाई। पार्टी मुश्किल से शून्य से पांच सीटें जीतकर अपना खाता खोल सकती है। जबकि औसत आंकड़ा दो है। लेकिन ऐसी अटकलें हैं कि इतने अंकों के साथ भी यह विपक्षी 'महागठबंधन' के वोटों में सेंध लगा सकती है। इससे वह एनडीए से कोसों पीछे रह जाएगा।
एग्जिट पोल के अनुसार, 'महागठबंधन' में शामिल दलों के व्यक्तिगत प्रदर्शन में गिरावट आई है। सर्वे के अनुसार, सभी दलों का डिटेल्स ब्यौरा उपलब्ध नहीं है। लेकिन RJD और कांग्रेस दोनों ने ही खराब प्रदर्शन किया है।
सर्वे में कहा गया है कि बीजेपी 67 से 70 सीटें जीतेगी। हालांकि, यह पिछली बार जीती गई 75 सीटों से भी कम है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड के पिछली बार से काफी बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है। सिर्फ 43 सीटें जीतने वाली इस पार्टी को इस बार 58 से 71 सीटें मिलने की उम्मीद है। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान समाप्त हुआ। जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।