Bihar New CM Update: सम्राट चौधरी या निशांत... कौन होगा बिहार का नया मुख्यमंत्री? नीतीश कुमार 14 अप्रैल को देंगे इस्तीफा

Bihar New CM:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली है। इसी के साथ बिहार में उनके दो दशक के शासन का अंत होने जा रहा है। उन्होंने 16 मार्च को राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद 30 मार्च को राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। नीतीश कुमार मंगलवार यानी 14 अप्रैल को सीएम पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं

अपडेटेड Apr 13, 2026 पर 1:54 PM
Bihar New CM: बिहार में नया मुख्यमंत्री बनने की रेस में फिलहाल डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सबसे आगे हैं

Bihar New CM: बिहार में नयी सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। संभावना जताई जा रही है कि इस बैठक के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) अध्यक्ष नीतीश कुमार मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे। फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली नई सरकार का गठन होगा।

कैबिनेट सचिवालय विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बैठक सुबह 11 बजे होगी। इसके बाद राज्य के सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। नीतीश पिछले सप्ताह राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

इससे पहले कुमार के करीबी सहयोगी और JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पत्रकारों से कहा था कि नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 13 अप्रैल के बाद शुरू होने की संभावना है।इस बीच, BJP ने सक्रियता दिखाते हुए बिहार विधानसभा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जो सत्ता परिवर्तन की निगरानी करेंगे।


भगवा पार्टी राज्य में अपने पहले मुख्यमंत्री की संभावना को लेकर काफी संयम बरत रही है। दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के कई बार मुख्यमंत्री रह चुके चौहान को बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

किसे मिलेगी बिहार की कमान?

ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि निवर्तमान बिहार सरकार में महत्वपूर्ण गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में सबसे आगे हैं। इसके अलावा सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी इस रेस में हैं।

राज्य के BJP नेता अपनी स्थिति को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं। प्रदेश BJP के पूर्व अध्यक्ष और मंत्री दिलीप जायसवाल ने एक दिन पहले कहा था, "अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह फैसला हमारे केंद्रीय नेतृत्व को लेना है। मैं इस दौड़ में बिल्कुल भी नहीं हूं।"

अन्य संभावित नेताओं में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और राज्य मंत्री लखेंद्र पासवान और श्रेयसी सिंह के नाम शामिल हैंl। BJP सूत्रों के अनुसार, ये सभी नेता अलग-अलग मायनों में इस पद के लिए उपयुक्त हैं।

सूत्रों ने बताया कि पासवान दलित हैं। उनके प्रमोशन से BJP को अपनी 'उच्च जाति समर्थक' छवि से उबरने में मदद मिल सकती है। इसका हिंदी भाषी क्षेत्रों में एक अलग ही नुकसान है क्योंकि वर्ष 1990 के दशक के मंडल आंदोलन की छाया आज भी कायम है।

BJP सूत्रों ने स्वीकार किया कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा आश्चर्यजनक कदम उठाए जाने की प्रबल संभावना है। उन्होंने पार्टी द्वारा शासित कई राज्यों के उदाहरण दिए, जहां हाल के दिनों में कम लोकप्रिय नेताओं को शीर्ष पद मिले हैं।

शिवराज चौहान पर्यवेक्षक नियुक्त

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को बिहार में अपने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद पार्टी ने बिहार में नयी सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

BJP के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक अधिसूचना में कहा, "भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।"

14 अप्रैल को देंगे इस्तीफा

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की उम्मीद है ताकि BJP के नेतृत्व वाली नई सरकार का गठन हो सके। JDU के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य झा ने कहा, "मुझे लगता है कि यह प्रक्रिया 13 अप्रैल के बाद शुरू होगी। लेकिन अधिक जानकारी के लिए आपको राज्य सरकार में शामिल लोगों से बात करनी चाहिए।"

झा के अलावा, मुख्यमंत्री के आवास पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और JDU नेता तथा विधायी कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। चौधरी ने पत्रकारों से कहा, "नए मुख्यमंत्री का चुनाव BJP की सिफारिश पर NDA के विधायकों द्वारा किया जाएगा।" उन्होंने कहा, "BJP को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। इन मामलों में उसकी अपनी प्रक्रिया है। एक बार जब वह अपनी योजना पेश कर देगी, तो आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"

हालांकि, सम्राट चौधरी को बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन BJP और JDU दोनों ने ही इस मामले में चुप्पी साध रखी है। BJP के एक सूत्र ने बताया कि बिहार में NDA विधायकों की बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Noida Protest Updates: फैक्ट्री कर्मचारियों के हिंसक प्रदर्शन से नोएडा में लगा महाजाम! पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली जो बिहार में उनके दो दशक के शासन के अंत को दर्शाता है। उन्होंने 16 मार्च को राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद 30 मार्च को राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

14 अप्रैल का दिन भी अहम माना जा रहा है। इस दिन सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मौजूदा मंत्रिपरिषद की अंतिम बैठक होगी। बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। इसके साथ ही वर्तमान सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।