'दिल्ली में रहकर ये नहीं होगा' चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का दिया संकेत, फिर दोहराया 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' नारा

Bihar Chunav 2025: LJP (पासवान) के नेता चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने पार्टी को जल्द ही राज्य की राजनीति में लौटने की इच्छा से अवगत कराया। पासवान ने इस बात पर जोर दिया कि वह बिहार को एक विकसित राज्य के रूप में देखना चाहते हैं, जिसके बारे में उन्होंने कहा, "अगर मैं दिल्ली में हूं तो यह संभव नहीं है

अपडेटेड Jun 02, 2025 पर 5:11 PM
चिराग पासवान ने फिर दोहराया 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' नारा, बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का दिया संकेत

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोमवार को उन रिपोर्टों को लेकर चुप्पी तोड़ी, जिनमें ये दावा किया गया है कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ सकत हैं। चिराग पासवान ने साफ किया कि उनकी प्राथमिकता "हमेशा बिहार और बिहारी रही है"। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी को जल्द ही राज्य की राजनीति में लौटने की इच्छा से अवगत कराया। पासवान ने इस बात पर जोर दिया कि वह बिहार को एक विकसित राज्य के रूप में देखना चाहते हैं, जिसके बारे में उन्होंने कहा, "अगर मैं दिल्ली में हूं तो यह संभव नहीं है।"

न्यूज एजेंसी ANI ने पत्रकारों से बात करते हुए पासवान के हवाले से बताया, "मैंने पहले भी कहा है कि मैं खुद को लंबे समय तक राष्ट्रीय राजनीति में नहीं देखता। राजनीति में आने का एकमात्र कारण बिहार और बिहारी हैं। मेरा हमेशा से विजन रहा है 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' और मैं हमेशा चाहता हूं कि बिहार समृद्ध हो और दूसरे विकसित राज्यों के बराबर हो।"


उन्होंने आगे कहा, "तीसरी बार सांसद बनने के बाद मुझे एहसास हुआ कि दिल्ली में यह संभव नहीं होगा। मैंने पार्टी-लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सामने अपनी इच्छा जताई थी कि मैं जल्द ही बिहार लौटना चाहता हूं।"

हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अभी भी इस बात का मूल्यांकन कर रही है कि राज्य में चुनाव लड़ना उसके लिए फायदेमंद होगा या नहीं।

उन्होंने साफ किया, "अगर मेरा स्ट्राइक रेट बेहतर होता है और मेरे गठबंधन का प्रदर्शन बेहतर होता है, जिसकी संभावना ज्यादा है, तो मैं निश्चित रूप से चुनाव लड़ूंगा।"

LJP का फैसला- विधानसभा चुनाव लड़ेंगे चिराग

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले ही ये खबर आई थी कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संसदीय बोर्ड ने फैसला किया है कि चिराग पासवान (Chirag Paswan) किसी जनरल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

सूत्रों ने बताया कि सीट पर अंतिम निर्णय अभी लिया जाना बाकी है। हालांकि, उन्होंने पुष्टि की कि यह एक सामान्य सीट होगी।

जमुई के सांसद और पासवान के साले अरुण भारती के एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद अटकलों ने जोर पकड़ लिया, जिसमें उन्होंने कहा, “जब नेता पूरे बिहार का होता है, तो सीट का दायरा सीमित क्यों होना चाहिए?”

बिहार में कब और कितने चरण में होंगे चुनाव?

मौजूदा बिहार विधानसभा का कार्यकाल इस साल 22 नवंबर को खत्म होने वाला है। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चुनाव आयोग दो से तीन चरणों में राज्य में चुनाव करा सकता है।

साथ ही, आयोग दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के साथ होने वाली तिथियों से भी बच सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी इस महीने स्थिति का जायजा लेने के लिए बिहार का दौरा करेंगे। चुनाव के लिए कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी शुरू हो गया है।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।