Bihar Elections: बिहार में कांग्रेस की चुनावी हुंकार, प्रियंका गांधी 26 सितंबर को मोतिहारी में करेंगी 'शक्ति प्रदर्शन'

Priyanka Gandhi: प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं में खासा उत्साह है। राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश सिंह ने मोतिहारी में एक प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया कि प्रियंका की रैली के लिए गांधी मैदान छोटा पड़ जाएगा

अपडेटेड Sep 23, 2025 पर 9:48 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्रियंका गांधी अपनी जनसभा के लिए महात्मा गांधी की कर्मभूमि मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान को चुना है

Bihar Elections 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अब अपनी चुनावी तैयारियों में पूरी तरह से जुट गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी 26 सितंबर को बिहार दौरे पर आ रही हैं। उनका यह दौरा पार्टी के लिए एक बड़े 'शक्ति प्रदर्शन' के तौर पर देखा जा रहा है। मोतिहारी में वह अपनी पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी, फिर पटना में भी एक कार्यक्रम में शामिल होंगी।

बापू की कर्मभूमि से कांग्रेस का होगा चुनावी शंखनाद

प्रियंका गांधी अपनी जनसभा के लिए महात्मा गांधी की कर्मभूमि मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान को चुना है। यह उनके लिए एक प्रतीकात्मक शुरुआत है, जिससे वह बिहार की जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करना चाहती हैं। गांधी मैदान में दोपहर करीब 1 बजे जनसभा को संबोधित करने के बाद, उनका पटना में भी कार्यक्रम है। पटना में कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में वह 'महिला संवाद' करेंगी, जहां वे महिलाओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगी।


PM मोदी की रैली से तीन गुना होगी भीड़: कांग्रेस नेताओं का दावा

प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं में खासा उत्साह है। राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश सिंह ने मोतिहारी में एक प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया कि प्रियंका की रैली के लिए गांधी मैदान छोटा पड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रैली में नरेंद्र मोदी की रैली से तीन गुना अधिक लोग पहुंचेंगे। अखिलेश सिंह ने बताया कि इस सभा के माध्यम से महागठबंधन की चुनावी रैली का शंखनाद भी हो जाएगा।

'इंदिरा गांधी की असली उत्तराधिकारी'

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने मोतिहारी में कहा कि, प्रियंका गांधी इंदिरा गांधी की 'असली उत्तराधिकारी' हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की रैली बापू की कर्मभूमि से शुरू होकर पूरे बिहार तक फैलेगी। उन्होंने देश के वर्तमान नेतृत्व पर भी निशाना साधा और कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश की बागडोर एक 'कमजोर प्रधानमंत्री' के हाथों में है, जिनके शासन में देश की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के निर्माण में बिहार कांग्रेस का सबसे बड़ा योगदान रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।