Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: बिहार की एक करोड़ महिलाओं को NDA सरकार की तरफ से 'दिवाली गिफ्ट' दिया गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार (3 अक्टूबर) को कहा कि राज्य सरकार की 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत अब तक एक करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा चुकी है। नीतीश कुमार ने पटना में 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास संकल्प में आयोजित कार्यक्रम में 25 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 2,500 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 सितंबर को इस योजना की शुरुआत के मौके पर 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। शुक्रवार को पैसे ट्रांसफर करने के बाद नीतीश कुमार ने कहा, "अब तक कुल एक करोड़ महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। आने वाले दिनों में बाकी लाभार्थियों को भी इसी तरह की सहायता दी जाएगी। राशि अंतरित करने के लिए अगली तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है।"
उन्होंने कहा कि 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का उद्देश्य हर परिवार की कम से कम एक महिला को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण और सरकारी योजनाओं में हिस्सेदारी बढ़ाकर बिहार सरकार ने हमेशा उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया है।
उन्होंने याद दिलाया कि राज्य में पंचायतों और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण और पुलिस एवं सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है।
कार्यक्रम में नीतीश के साथ ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी मौजूद थीं। इस मौके पर 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई।
यह प्रक्रिया आज यानी 3 अक्टूबर से शुरू होकर 26 दिसंबर 2025 तक चलेगी। इस योजना की किस्त सिर्फ शुक्रवार को ही बैंक खातों में जमा की जाएंगी। अब 6 अक्टूबर, 17 अक्टूबर, 24 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को पैसे डाले जाएंगे। 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत फॉर्म भरने के बाद अगर अकाउंट में पैसा नहीं आता है तो आप नजदीकी ग्राम संगठन या क्षेत्र स्तरीय संगठन के दफ्तर में जाकर पता कर सकते हैं।
बिहार में पीएम मोदी की ओर से शुरू की गई 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' को लेकर महिलाओं में खुशी की लहर है। योजना के लाभार्थियों ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया है। मुजफ्फरपुर जिला की बीजेपी महिला मोर्चा की प्रभारी ऋतुराज ने कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाओं की सौगात दी है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना भी उन्हीं लाभकारी योजनाओं में से एक है।
'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10,000 रुपये की प्रारंभिक वित्तीय सहायता सीधे ट्रांसफर की गई है। इसके लिए कुल 7,500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अभी महिलाओं के बैंक खाते में 10 हजार रुपये भेजे गए हैं। बिजनेस के बेहतर प्रदर्शन करने पर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सशक्तिकरण प्रदान करना है।
ऋतुराज ने कहा कि लाभार्थी महिलाएं इस राशि का उपयोग किराना, बर्तन, कॉस्मेटिक, खिलौने, और स्टेशनरी की दुकानें खोलने के साथ-साथ कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प, और सिलाई-बुनाई जैसे लघु-स्तरीय उद्यमों में कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार ने इस योजना के माध्यम से बिहार की बहनों और बेटियों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। योजना के तहत हर महिला को लाभ सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे उनके सपनों को नए पंख मिलेंगे और समाज में उनका सम्मान बढ़ेगा।