Bihar Chunav 2025: नीतीश कुमार या सम्राट चौधरी...कौन होगा बिहार CM का चेहरा? चिराग पासवान का बड़ा बयान

Bihar Assembly Elections 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह कहकर बिहार में राजनीतिक हलचल मचा दी है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चुनाव में जीत दिलाएंगे। सैनी के बयान का हवाला देते हुए विपक्ष ने सहयोगी दलों के साथ बर्ताव को लेकर बीजेपी पर निशाना साधना शुरू कर दिया

अपडेटेड Apr 16, 2025 पर 7:21 PM
Bihar Assembly Elections 2025: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नीतीश कुमार का समर्थन किया है

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार में इस साल के आखिरी में होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की तरफ से मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा इस पर अलग-अलग बयान सामने आने के बाद सियासी पारा हाई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सीएम के लिए सबसे प्रबल दावेदार बताया है। हालांकि, जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने दावा किया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भी कुमार राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

इस बीच, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नीतीश कुमार का समर्थन करते हुए उन्हें ही सीएम पद का चेहरा घोषित कर दिया है। चिराग पासवान ने बुधवार को कहा, "उन्हीं (नीतीश कुमार) के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। एक बार फिर से मौजूदा मुख्यमंत्री बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों के बाद फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।"

इस बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि NDA राज्य में जनता दल-यूनाइटेड (JDU) अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में अगली सरकार बनाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा था कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पार्टी को बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने की उम्मीद है, जिस पर विवाद उत्पन्न हो गया था।


सैनी के इस बयान पर बीजेपी की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष ने जवाब दिया, "बीजेपी की अगुवाई वाली NDA नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सरकार चला रही है। हम उनके नेतृत्व में अगली सरकार बनाने के लिए तत्पर हैं।" इस दौरान चौधरी ने RJD नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा था कि सैनी के बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि बीजेपी नीतीश को एक और कार्यकाल नहीं लेने देगी।

JDU का भी आया बयान

जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने मंगलवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने हरियाणा के नेता की टिप्पणी को खारिज कर दिया और कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन के सामने कोई संकट नहीं है।

प्रसाद ने कहा, बिहार विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में होंगे और वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का चेहरा होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार NDA सरकार का नेतृत्व करेंगे, जो निश्चित ही चुनाव के बाद 2030 तक पूर्ण कार्यकाल के लिए बनेगी।"

ये भी पढ़ें- 'कांग्रेस ने ED बनाई थी, आज खुद परेशान हैं': अखिलेश यादव का गांधी परिवार पर तंज, प्रवर्तन निदेशालय को खत्म करने का दिया सुझाव

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ BJP नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अतीत में इसी तरह की बातें कही हैं। उन्होंने यह दावा करते हुए विपक्षी इंडिया गठबंधन पर कटाक्ष किया कि यह बिहार में भी बिखरने वाला है, जैसा कि कई अन्य राज्यों में हुआ है। बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।