Bihar News : बिहार में इस समय चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर सियासी सरगर्मी काफी तेज है। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले चुनाव आयोग द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन की गई है।चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन की ड्राफ्ट भी जारी कर दी है और इसे लेकर विवाद भी गहरा गया है। वहीं इन सबके बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर दो वोटर आईडी रखने का आरोप लगाया। तेजस्वी का कहना है कि भाजपा नेता का नाम लखीसराय विधानसभा क्षेत्र और पटना जिले के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र—दोनों जगह दर्ज है।
तेजस्वी यादव ने साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने X पर दोनों कथित प्रविष्टियों का विवरण साझा किया, जिसमें दो अलग-अलग वोटर आईडी (EPIC) नंबर शामिल हैं—लखीसराय के लिए IAF3939337 और बांकीपुर के लिए AFS0853341। तेजस्वी का आरोप है कि लखीसराय मतदाता सूची में विजय कुमार सिन्हा का नाम खंड संख्या 1, क्रम संख्या 274 पर दर्ज है, जबकि बांकीपुर सूची में उनका नाम खंड संख्या 4, क्रम संख्या 757 पर है। उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी की बांकीपुर सूची में उनका नाम क्रम संख्या 815 पर दिख रहा है।
लगाया ये बड़ा आरोप
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि विजय कुमार सिन्हा ने अपने चुनावी हलफनामे में केवल बांकीपुर की जानकारी दी है। उनके अनुसार, इसका मतलब है कि सिन्हा दो अलग-अलग चरणों में, दो अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाल सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों वोटर आईडी में उनकी उम्र अलग-अलग दर्ज है, एक में 57 साल और दूसरी में 60 साल। तेजस्वी का कहना है कि यह सीधा धोखाधड़ी और उम्र में हेरफेर का मामला है। उन्होंने दावा किया कि सिन्हा ने दो अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग फॉर्म भरे और उन पर खुद हस्ताक्षर किए, जिससे साबित होता है कि उन्होंने जानबूझकर दो जगह अपना पंजीकरण कराया।
विजय सिन्हा ने दिया ये जवाब
वहीं विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव के आरोप को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनके पास दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के वोटर आईडी नहीं हैं। उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने की साजिश बताया। सिन्हा ने कहा कि पहले उनके परिवार के पास बांकीपुर की वोटर आईडी थी, जहां वे रहते थे। लेकिन अप्रैल 2024 में उन्होंने लखीसराय में अपना नाम जुड़वाने और बांकीपुर की सूची से हटवाने के लिए आवेदन किया। उन्होंने बताया, "ये प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, फिर मैंने बीएलओ को बुलाकर फॉर्म भरा और रसीद ली।" सिन्हा का कहना है कि clerical गलती के बावजूद वे सिर्फ लखीसराय से ही वोट डालते हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।