तेज प्रताप को पार्टी से निकाले जाने पर लालू परिवार ने क्या कहा? तेजस्वी से लेकर रोहिणी आचार्य ने दिया ऐसा रिएक्शन

Tej Pratap yadav : तेज प्रताप यादव को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने खुद को एक युवती के साथ रिश्ते में बताया। शनिवार को किए गए इस पोस्ट में उन्होंने एक तस्वीर साझा की और लिखा, "इस तस्वीर में दिखाई दे रही युवती अनुष्का यादव है। हम पिछले 12 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार में हैं

अपडेटेड May 25, 2025 पर 11:07 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Tej Pratap yadav : बिहार चुनाव से पहले तेज प्रताप यादव के एक पोस्ट ने पार्टी और परिवार को असहज कर दिया था।

Tej Pratap yadav : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के खेमें में भूचाल आते दिख रहा है।आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को आरजेडी से 6 साल के लिए बाहर कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने तेज प्रताप यादव को परिवार से भी बेदखल कर दिया गया। आरजेडी सुप्रीमो के इस फैसले से विधानसभा चुनाव के पहले बिहार का राजनीतिक में हलचल तेज हो गई है।

राजद प्रमुख  ने लिया ये बड़ा फैसला

राजद प्रमुख लालू यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि, "निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है" ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है" अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं.अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी" उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।"


उन्होंने कहा, "तेज प्रताप अपने निजी जीवन में सही-गलत, गुण-दोष की पहचान करने में सक्षम हैं। जो भी व्यक्ति उनसे जुड़े रहना चाहता है, वह सोच-समझकर निर्णय ले। मैं हमेशा सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और सामाजिक मान्यताओं का पक्षधर रहा हूं। हमारे परिवार में जिन्होंने अनुशासन और आज्ञाकारी रवैया अपनाया है, उन्होंने इन मूल्यों को जीवन में उतारा है और उनका पालन भी किया है।"

तेजस्वी यादव ने कही ये बात

लालू यादव के निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने कहा कि निजी और राजनीतिक जीवन को एक-दूसरे से अलग रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि हर किसी को अपने व्यवहार की ज़िम्मेदारी खुद लेनी चाहिए। तेज प्रताप के छोटे भाई और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हम पार्टी में अनुशासन और जनता के प्रति जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हैं। ऐसी बातें हम बर्दाश्त नहीं कर सकते।"

तेजस्वी ने आगे कहा, "राजनीति और व्यक्तिगत जीवन अलग-अलग हैं। मेरे बड़े भाई को अपने निजी फैसले लेने का पूरा अधिकार है, वह वयस्क हैं और अपनी राह खुद चुन सकते हैं।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का है और उनकी भावना का प्रतिनिधित्व करता है। तेजस्वी बोले, "हमें इस फैसले की जानकारी मीडिया से ही मिली। जहां तक मेरे भाई की निजी ज़िंदगी की बात है, वह क्या करते हैं, उसके लिए कोई पहले से राय नहीं मांगता।"

रोहिणी आचार्य ने  दिया ऐसा रिएक्शन

वहीं, लालू यादव की बेटी और तेज प्रताप की बहन रोहिणी आचार्य ने भी पिता द्वारा लिए गए फैसले का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "जो लोग समझदारी छोड़कर बार-बार मर्यादाओं का उल्लंघन करते हैं, वे स्वयं आलोचना के पात्र बनते हैं। जो लोग अपने परिवेश, परंपरा, परिवार और परवरिश की गरिमा का ध्यान रखते हैं, उन पर कभी सवाल नहीं उठते।" उन्होंने आगे लिखा, "हमारे लिए पापा भगवान की तरह हैं, हमारा परिवार हमारा गर्व है और पापा के संघर्षों से खड़ी हुई पार्टी और सामाजिक न्याय की अवधारणा हमारे लिए पूज्य है। हम कभी यह स्वीकार नहीं करेंगे कि इन तीनों की गरिमा किसी के कारण धूमिल हो।”

क्या है पूरा मामला?

तेज प्रताप यादव को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने खुद को एक युवती के साथ रिश्ते में बताया। शनिवार को किए गए इस पोस्ट में उन्होंने एक तस्वीर साझा की और लिखा, "इस तस्वीर में दिखाई दे रही युवती अनुष्का यादव है। हम पिछले 12 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार में हैं।" इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और लोगों को तेज प्रताप के पूर्व वैवाहिक विवाद की याद आ गई, जिसने पहले भी काफी सुर्खियाँ बटोरी थीं।

हालांकि, कुछ समय बाद तेज प्रताप ने सफाई दी कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई है।

तेज प्रताप यादव ने दी सफाई

उन्होंने कहा, “मेरा सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया है और मुझे व मेरे परिवार को बदनाम करने के इरादे से मेरी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। मैं अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूं कि किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें।”

तेज प्रताप यादव का नाम इससे पहले भी विवादों में रहे हैं। 2018 में उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या राय से विवाह किया था। हालांकि, शादी के कुछ ही महीनों बाद ऐश्वर्या ने उनका घर छोड़ दिया था और आरोप लगाया कि उन्हें उनके पति और ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। ऐश्वर्या के पिता चंद्रिका राय ने अपनी बेटी का साथ देते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से इस्तीफा दे दिया था और यह घोषणा की थी कि वे इस मामले को कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर लड़ेंगे।

फिलहाल दोनों के बीच तलाक का मामला पटना की पारिवारिक अदालत में लंबित है। इस दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते रहे हैं। तेज प्रताप ने ऐश्वर्या पर अधिक गुजारा भत्ता मांगने का आरोप लगाया, वहीं ऐश्वर्या ने अपने पूर्व पति पर असामान्य व्यवहार का आरोप लगाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।