Tej Pratap Yadav : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल में काफी इस समय भूचाल आया हुआ है। राजद सुप्रीमो लालू यादव ने बीते रविवार को अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी के साथ ही साथ परिवार से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया। परिवार और पार्टी में मचे उठापटक के बीच मंगलवार को लालू परिवार में एक खुशखबरी भी आई। राजद नेता तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने। वहीं इनसबके बीच तेजप्रताप यादव का भी रिएक्शन सामने आया। पार्टी और परिवार से निकाले जाने के बाद तेजप्रताप ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है।
विवादों के बीच तेज प्रताप ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि श्री बांके बिहारी जी के असीम कृपा व आशीर्वाद से नवजात शिशु के आगमन ( पुत्ररत्न की प्राप्ति ) पर मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है..छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राज श्री यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं...भतीजे को मेरा स्नेहिल आशीर्वाद एवं शुभ प्यार..
तेजस्वी ने दिया था ऐसा रिएक्शन
तेजप्रताप यादव को परिवार और पार्टी से निकाले जाने फैसले पर तेजस्वी यादव ने अपने पिता और राजद प्रमुख का समर्थन किया था। लालू यादव के निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने कहा था कि, निजी और राजनीतिक जीवन को एक-दूसरे से अलग रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि हर किसी को अपने व्यवहार की ज़िम्मेदारी खुद लेनी चाहिए। तेज प्रताप के छोटे भाई और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हम पार्टी में अनुशासन और जनता के प्रति जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हैं। ऐसी बातें हम बर्दाश्त नहीं कर सकते।"
तेज प्रताप यादव को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने खुद को एक युवती के साथ रिश्ते में बताया। शनिवार को किए गए इस पोस्ट में उन्होंने एक तस्वीर साझा की और लिखा, "इस तस्वीर में दिखाई दे रही युवती अनुष्का यादव है। हम पिछले 12 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार में हैं।" इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और लोगों को तेज प्रताप के पूर्व वैवाहिक विवाद की याद आ गई, जिसने पहले भी काफी सुर्खियाँ बटोरी थीं।