Tejashwi Yadav: तेजस्वी ने दो वोटर आईडी मामले में चुनाव आयोग को सौंपा जवाब, जानें क्या कहा

Bihar News : ECI द्वारा बिहार में SIR के तहत पहला ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद, 2 अगस्त को तेजस्वी यादव ने एक प्रेसवार्ता में अपना वोटर आईडी दिखाते हुए कहा था कि उनका नाम इस लिस्ट में शामिल नहीं है, और ECI की आलोचना की थी

अपडेटेड Aug 09, 2025 पर 10:00 PM
Bihar News: तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग को दिया ये जवाब

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के खिलाफ चल रहे दो वोटर आईडी मामले में नया अपडेट सामने आया है। तेजस्वी यादव ने इस मामले में चुनाव आयोग को अपना लिखित जवाब भेज दिया है। इसकी जानकारी राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने दी। उन्होंने चुनाव आयोग की आलोचना की और कहा अब फैसला चुनाव आयोग को लेना है।

RJD ने पूछा ये सवाल

मनोज झा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को पहले यह देखना चाहिए कि आखिर एक व्यक्ति के नाम पर दो वोटर आईडी कैसे जारी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में ही ऐसे सैकड़ों मामले सामने आए हैं। मनोज झा ने आयोग पर अहंकार और अज्ञानता का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर आयोग ने सावधानी नहीं बरती, तो स्थिति बांग्लादेश चुनाव आयोग जैसी खराब हो सकती है


क्या था मामला

दरअसल, ECI द्वारा बिहार में SIR के तहत पहला ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद, 2 अगस्त को तेजस्वी यादव ने एक प्रेसवार्ता में अपना वोटर आईडी दिखाते हुए कहा था कि उनका नाम इस लिस्ट में शामिल नहीं है, और ECI की आलोचना की थी।साथ ही, व्यंग्य अंदाज में उन्होंने कहा कि 'मेरा नाम नहीं है तो मैं चुनाव कैसे लड़ूंगा'। इसके बाद ECI ने जांच में पाया कि तेजस्वी द्वारा दिखाया गया वोटर आईडी कार्ड (संख्या RAB-2916120) फर्जी है। आयोग ने उन्हें नोटिस जारी करते हुए 16 अगस्त शाम 5 बजे तक वह वोटर आईडी कार्ड जमा करने का आदेश दिया था।

जांच में पता चला कि तेजस्वी यादव का असली वोटर आईडी नंबर RAB-0456228 है, जो 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में भी उनके नामांकन पत्र में दर्ज था। विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 में भी यही नंबर दर्ज किया गया था। डेटाबेस मिलान के बाद स्पष्ट हुआ कि प्रेसवार्ता में दिखाया गया आईडी असली नहीं है।

इसके अलावा, तेजस्वी यादव का यह दावा भी गलत पाया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के बाद उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। अब तक इस मामले में तेजस्वी को तीन बार नोटिस भी भेजा जा चुका है।

अब आयोग के पास तेजस्वी का लिखित जवाब है और आगे की कार्रवाई उसी पर निर्भर करेगी। वहीं, राजद नेताओं का कहना है कि आयोग को इस मामले में निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और सिर्फ तेजस्वी ही नहीं, सभी ऐसे मामलों पर कार्रवाई करनी चाहिए, जहां एक से ज्यादा वोटर आईडी पाए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।