Credit Cards

Bihar Chunav: क्या है बिहार चुनाव का '47% फॉर्मूला'? NDA की 'महिला शक्ति' पर बड़ी दावेदारी, क्यों महिलाओं पर टिका है जीत का दांव?

Bihar Assembly Election: सीट-बंटवारे के तहत NDA में BJP और JD(U) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। BJP और JD(U) दोनों ने अपनी-अपनी 101 सीटों में से 13-13 महिलाओं को टिकट दिया है। BJP की 13 महिला उम्मीदवारों में 7 मौजूदा विधायक हैं, जबकि JD(U) की 13 महिलाओं में 6 मौजूदा विधायक हैं

अपडेटेड Oct 20, 2025 पर 6:30 PM
Story continues below Advertisement
सीट-बंटवारे के तहत NDA में BJP और JD(U) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। दोनों प्रमुख सहयोगियों ने महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया है

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JD(U)) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) अपनी चुनावी रणनीति में महिलाओं पर बड़ा दांव लगा रहा है। बिहार के मतदाताओं में 47% से अधिक महिलाएं हैं, और उनका उच्च मतदान प्रतिशत अब चुनावी परिणामों को निर्धारित करने वाला 'बड़ा फैक्टर' बन चुका है। आइए आपको बताते हैं क्या है NDA का 47% वाला प्लान।

NDA की 'महिला शक्ति' पर निर्भरता

सीट-बंटवारे के तहत NDA में BJP और JD(U) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। दोनों प्रमुख सहयोगियों ने महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया है, जो उनकी 'महिला केंद्रित' रणनीति को दिखाता है। BJP और JD(U) दोनों ने अपनी-अपनी 101 सीटों में से 13-13 महिलाओं को टिकट दिया है। BJP की 13 महिला उम्मीदवारों में 7 मौजूदा विधायक हैं, जबकि JD(U) की 13 महिलाओं में 6 मौजूदा विधायक हैं। बिहार में कुल 7.43 करोड़ मतदाताओं में से 3.5 करोड़ महिलाएँ हैं। 2020 के पिछले विधानसभा चुनाव में, महिलाओं का मतदान प्रतिशत (60%) पुरुषों (54%) से काफी अधिक रहा था। 2020 के चुनावों में जिन 119 निर्वाचन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक थी, उनमें NDA ने 60.5% सीटों पर जीत हासिल की थी।


महिलाओं को लुभाने के लिए कल्याणकारी योजनाएं

महिलाएं पारंपरिक रूप से सुरक्षा, शिक्षा और कल्याण जैसे मुद्दों पर वोट करती रही हैं। इसे देखते हुए, NDA सरकार ने चुनाव से ठीक पहले कई महिला-केंद्रित योजनाएं लॉन्च की हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' सहित कई महिला-केंद्रित कल्याणकारी योजनाएं लॉन्च की हैं, जिसके तहत 75 लाख महिलाओं को ₹10,000 की वित्तीय सहायता देने का वादा किया गया है। PM मोदी ने महिला मतदाताओं से RJD और उसके सहयोगियों को सत्ता से दूर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार में कानून का राज स्थापित होने से महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं, जबकि RJD के शासन में कानून-व्यवस्था 'दयनीय' थी।

JD(U) भी 2005 से मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के रिकॉर्ड को सक्रिय रूप से प्रदर्शित कर रहा है, जिसमें शासन में अधिक भागीदारी, नौकरियों में आरक्षण, और माध्यमिक शिक्षा में लैंगिक समानता शामिल है।

RJD ने खेला 'माई-बहिन सम्मान योजना' पर दांव

दूसरी ओर मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने महिलाओं को लुभाने के लिए एक बड़ा चुनावी वादा किया है। माई-बहिन सम्मान योजना' के तहत RJD ने सरकार बनने के एक महीने के भीतर महिलाओं को प्रति माह ₹2,500 देने का वादा किया है, और पार्टी ने इस योजना के लिए फॉर्म वितरण भी शुरू कर दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।